
जांजगीर-चांपा, 01 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। धान खरीद का टोकन नहीं मिलने से परेशान एक व्यक्ति ने हाई टेंशन टावर पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी दी, जिसे जांजगीर सिटी कोतवाली पुलिस ने रेस्क्यू करके गिरफ्तार कर लिया। इस व्यक्ति ने प्रशासन और ग्रामीणों पर दबाव बनाने के लिए धमकाने का प्रयास किया।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम कसौंदी के निवासी अनिल गड़ेवाल (38 वर्ष) ने धान बिक्री का टोकन न मिलने पर टावर पर चढ़कर हंगामा किया और मौजूद लोगों को गाली-गलौज करते हुए आत्महत्या की धमकी दी।
सूचना मिलने पर कोतवाली थाना में एक रिपोर्ट दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप और CSP कोतवाली योगिता बाली खापर्डे को सूचित किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने राजस्व अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर तीन घंटे तक आरोपी को समझाने का प्रयास किया।
हालांकि, आरोपी ने लगातार अश्लील भाषा में गालियाँ देते हुए डराने-धमकाने का प्रयास किया। अंततः, पुलिस ने सुरक्षित रूप से उसे टावर से नीचे उतारकर रेस्क्यू किया। पूछताछ में आरोपी ने यह स्वीकार किया कि वह धान बिक्री के लिए टोकन न मिलने के कारण प्रशासन पर अनावश्यक दबाव बना रहा था।
उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं, जिसमें लोक सेवक को क्षति पहुंचाने की धमकी (धारा 224), विधि विपरीत कार्य के लिए विवश करना (धारा 226), सार्वजनिक स्थान पर अश्लील गाली-गलौज (धारा 296) तथा आत्महत्या की धमकी देकर भयभीत करना (धारा 308(4)) शामिल हैं। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक आलोक शर्मा, प्रकाश राठौर और आरक्षक विनोद राठौर तथा नीतीश विश्वकर्मा का विशेष योगदान रहा।
