
कोलकाता, 01 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार देर रात अपने दो दिवसीय पश्चिम बंगाल दौरे पर कोलकाता पहुंचे। उन्हें रात करीब 12:30 बजे नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भाजपा नेताओं द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
हवाई अड्डे पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य, केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार, नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी, और अन्य कई वरिष्ठ पार्टी नेता मौजूद थे।
इस दौरे के दौरान, अमित शाह संगठनात्मक बैठकों के साथ-साथ बड़े पैमाने पर जनसंपर्क कार्यक्रमों पर जोर देंगे, जिसमें मुख्य रूप से पार्टी कार्यकर्ताओं से उनका प्रत्यक्ष संवाद शामिल होगा। भाजपा की राज्य समिति के एक सदस्य ने बताया कि कोलकाता पहुंचने के बाद अमित शाह आज राज्य भाजपा की कोर कमेटी के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे, जिसमें आगामी चुनावों की तैयारियों और संगठनात्मक रणनीति पर चर्चा होगी।
गृह मंत्री दो प्रमुख सार्वजनिक रैलियों और पार्टी कार्यकर्ता सम्मेलनों को भी संबोधित करेंगे। पहली सभा उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर क्षेत्र में आयोजित होगी, जबकि दूसरी सभा उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग जिले के सिलीगुड़ी में होगी। सिलीगुड़ी में कार्यक्रम के बाद, वे बागडोगरा हवाई अड्डे से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, बैरकपुर कार्यक्रम में बनगांव, बारासात, बशीरहाट और बैरकपुर लोकसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ता शामिल होंगे, जबकि सिलीगुड़ी में सिलीगुड़ी, दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार के पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि चुनावी तारीखों की घोषणा से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा के नव-निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और अब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पश्चिम बंगाल दौरा इस बात का संकेत है कि भाजपा राज्य विधानसभा चुनाव को लेकर सक्रिय और गंभीर है।
इससे पहले, दिसंबर के अंत में अमित शाह कोलकाता आए थे, जब उन्होंने महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक और प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की थी, जिसमें उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार पर तीखा हमला किया था। उनकी एक महीने के भीतर दूसरी बार यात्रा को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
