
रायपुर, 01 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। उप पुलिस अधीक्षक साधना सिंह ने आज 38 वर्षों की दीर्घ एवं सराहनीय सेवा के बाद पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त होने पर एक भावभीनी विदाई समारोह का आयोजन किया गया। पुलिस परंपरा के अनुसार पुलिस अधीक्षक कार्यालय रायगढ़ में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जहां वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनकी सेवाओं की स्मृति में उन्हें सम्मानित किया।
इस कार्यक्रम का संचालन डीएसपी सुशांत बनर्जी ने किया, जिसमें साधना सिंह के कार्यकाल का संक्षिप्त परिचय दिया गया। उन्होंने अविभाजित मध्यप्रदेश के जगदलपुर जिले से उप निरीक्षक के रूप में सेवा की शुरुआत की और बाद में बिलासपुर, जांजगीर–चांपा, कोरबा, मुंगेली और रायगढ़ में महत्वपूर्ण दायित्व निभाए। वर्ष 2018 में पदोनति पाकर डीएसपी बनीं और मुंगेली के बाद रायगढ़ में अपनी सेवाएं दीं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने शॉल, श्रीफल एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर उनका सम्मान किया। उन्होंने कहा कि साधना सिंह का पूरा सेवाकाल अनुशासन, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण है। उनके कार्यकाल में जब पुलिस सेवा को पुरुष प्रधान माना जाता था, तब उन्होंने अपनी कार्यक्षमता से एक अलग पहचान बनाई और कार्य–जीवन में संतुलन का प्रेरक आदर्श प्रस्तुत किया।
सम्मान समारोह में साधना सिंह का परिवार, शहर के गणमान्य नागरिक तथा पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एडिशनल एसपी अनिल कुमार सोनी, अनिल कुमार विश्वकर्मा, सीएसपी मयंक मिश्रा, डीएसपी सुशांत बनर्जी, प्रोफेशनल डीएसपी अजय नागवंशी, आरआई अमित सिंह सहित पुलिस कार्यालय का स्टाफ मौजूद रहा। सभी ने उनके स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
