
कोरबा, 01 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। नमामि हसदेव सेवा समिति द्वारा कोरबा जिले की जीवनदायिनी हसदेव नदी, उसकी सहायक नदियों एवं अन्य प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण के उद्देश्य से लगातार जन-जागरूकता के कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में समिति द्वारा प्रत्येक माह पूर्णिमा तिथि को हसदेव आरती का आयोजन किया जाता है।
समिति के इस पुनीत अभियान के अंतर्गत माघ पूर्णिमा के शुभ अवसर पर एक फरवरी 2026, रविवार को सायं 5 बजे माँ सर्वमंगला मंदिर घाट, कोरबा में हसदेव आरती का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर समिति एवं श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य यजमान के रूप में नारायण कुर्रे (जिलाध्यक्ष, सतनामी कल्याण समिति, कोरबा) उपस्थित रहेंगे। वहीं विशिष्ट यजमान के रूप में दिलीप साहू (डायरेक्टर, न्यू एरा प्रोगेसिव स्कूल, कोरबा), अयोध्या प्रसाद सोनी (जिलाध्यक्ष, कनौजिया स्वर्णकार समाज, कोरबा), सतविंदर सिंह सिंधु (उपाध्यक्ष, गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा, ट्रांसपोर्ट नगर, कोरबा) तथा मेदनी प्रसाद मिश्रा (प्रशिक्षक, आर्ट ऑफ लिविंग, कोरबा) की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
नमामि हसदेव सेवा समिति ने जिले के समस्त श्रद्धालुओं एवं नागरिकों से अपील की है कि वे सपरिवार माँ सर्वमंगला मंदिर घाट पहुंचकर हसदेव आरती में सहभागिता करें और इस पावन अवसर पर पुण्य लाभ अर्जित करें। समिति का उद्देश्य हसदेव नदी के संरक्षण के साथ-साथ समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाना है।
