Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

युवा कांग्रेस ने मनरेगा संशोधन के खिलाफ युवा महापंचायत की घोषणा की

जांजगीर-चांपा, 01 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। मनरेगा में किए गए संशोधन के विरोध में युवा कांग्रेस ने सक्रियता दिखाई है और एक युवा महापंचायत के आयोजन की घोषणा की है। युवा कांग्रेस ने इस संशोधन को मजदूरों, ग्रामीण युवाओं और गरीब तबके के अधिकारों पर हमला करार दिया है। इसी क्रम में शनिवार को जांजगीर-चांपा में एक पत्रकार वार्ता का आयोजन हुआ।

इस पत्रकार वार्ता में छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस प्रभारी अमित सिंह पठानिया, सहप्रभारी डॉ. मोनिका मंडरे एवं प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा के निर्देशानुसार जिलास्तर पर संवाद किया गया, जिसका नेतृत्व युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष पंकज शुक्ला ने किया।

जिला अध्यक्ष पंकज शुक्ला ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा में किया गया संशोधन मजदूरों को रोजगार से वंचित करने की साज़िश है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस बदलाव से ग्रामीण अर्थव्यवस्था कमजोर होगी और बेरोजगारी बढ़ेगी। युवा कांग्रेस इस फैसले को किसी भी हाल में स्वीकार नहीं करेगी और इसके खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी।

इस दौरान एनओबी फॉर्म का भी विधिवत रूप से लॉन्च किया गया। पंकज शुक्ला ने बताया कि एनओबी फॉर्म के माध्यम से आम जनता और युवाओं को आंदोलन से जोड़ा जाएगा, ताकि मनरेगा संशोधन के खिलाफ आवाज को और अधिक मजबूती मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में युवा महापंचायत के जरिए बड़े स्तर पर जन आंदोलन खड़ा किया जाएगा।

युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मनरेगा गरीबों की जीवनरेखा है और इसमें किया गया कोई भी संशोधन मजदूरों के हक छीनने जैसा है। युवा कांग्रेस ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि वह मनरेगा संशोधन के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी और मजदूरों तथा ग्रामीणों के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर आवाज उठाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *