
मुंबई, 01 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। महाराष्ट्र स्टेट लॉन टेनिस एसोसिएशन (एमएसएलटीए) में शनिवार को 2026 एलएंडटी मुंबई ओपन डब्ल्यूटीए 125के सीरीज का मेन ड्रॉ जारी किया गया। आधिकारिक रूप से इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के पहले दौर के मुकाबले अब तय हो चुके हैं, जो 02 से 08 फरवरी, 2026 तक आयोजित होंगे। यह टूर्नामेंट का पांचवां संस्करण है।
मेन ड्रॉ समारोह में भारतीय wild card खिलाड़ी श्रिवल्ली भामिडिपाटी, माया राजेश्वरन रेवती और वैष्णवी अदकर के साथ भारत की doubles खिलाड़ी रुतुजा भोसले भी उपस्थित थीं। इसके अलावा, एमएसएलटीए के मानद सचिव सुंदर अय्यर, संयुक्त सचिव निखिल संपत और भारत की बिली जीन किंग कप कोच राधिका तुलपुले भी कार्यक्रम में शामिल हुईं।
02 फरवरी से आरंभ होने वाले मुख्य मुकाबलों में भारतीय खिलाड़ियों पर विशेष नजर रहेगी। भारत की नंबर-1 महिला एकल खिलाड़ी साहजा यमलापल्ली का सामना जापान की एरी शिमिजु से होगा। वाइल्ड कार्ड धारक श्रिवल्ली भामिडिपाटी पहले दौर में क्वालीफायर से भिड़ेंगी, जबकि माया राजेश्वरन रेवती का मुकाबला थाईलैंड की लनलाना तारारुदी से निर्धारित हुआ है। महाराष्ट्र की नंबर-1 खिलाड़ी वैष्णवी अदकर ऑस्ट्रिया की लिली टैगर के खिलाफ खेलेंगी। वहीं, एक अन्य भारतीय वाइल्ड कार्ड खिलाड़ी वैदेही चौधरी को तीसरी वरीयता प्राप्त फ्रांस की लेओलिया जीनजीन से चुनौती मिलेगी।
पिछले संस्करण की सेमीफाइनलिस्ट माया राजेश्वरन रेवती ने कहा कि वह इस बार बिना किसी दबाव के खेलने उतरेंगी और उनका ध्यान हर दिन बेहतर होने पर रहेगा।
एमएसएलटीए के मानद सचिव सुंदर अय्यर ने टूर्नामेंट के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यह आयोजन भारतीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाने और भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए प्रतिभा की पहचान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने फरवरी माह को मुंबई के अनुकूल मौसम और रैंकिंग अंक के हिसाब से आदर्श बताया।
