Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

भाजपा ने कूचबिहार पुल हादसे को लेकर ममता सरकार पर साधा निशाना, एसआईटी जांच की मांग

नई दिल्ली, 31 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल के कूचबिहार में पुल गिरने की घटना समेत अन्य हादसों के लिए ममता सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। भाजपा ने राज्य में व्याप्त भ्रष्टाचार के चलते इन घटनाओं की एसआईटी जांच कराने की मांग की है।

भाजपा प्रवक्ता डॉ. गुरुप्रकाश पासवान ने शनिवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि पश्चिम बंगाल में कानून का कोई शासन न होने के कारण वहां रोज़ाना नई घटनाएं घटित हो रही हैं। सितलकुची में हाल ही में बना यह पुल ममता बनर्जी के शासन में विकसित हुई ‘कट मनी’ संस्कृति का भयानक प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक धन की लूट, घटिया निर्माण और शून्य जवाबदेही के चलते आम लोगों को रोज़ अपनी जान जोखिम में डालना पड़ रहा है। यह विकास नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार के द्वारा लाया गया पतन है। उन्होंने सुझाव दिया कि आगामी चुनाव में पश्चिम बंगाल की जनता ममता सरकार को उखाड़ फेंकेगी।

डॉ. पासवान ने यह भी कहा कि जनवरी 2026 में राज्य में पाँच फैक्ट्रियों में आग लगने की खतरनाक घटनाएं हुई हैं, जिनमें कई लोग हताहत हुए हैं और आम जनता को इससे काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कलकत्ता उच्च न्यायालय ने हाल ही में कहा था कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है।

उन्होंने ममता सरकार के तहत बने पुलों को ‘हाइवे टू हेल’ करार देते हुए कहा कि इस सरकार के कार्यकाल में हाल ही में आनंदपुर में वाओ मोमो की फैक्ट्री में लगी आग ने 27 लोगों की जान ले ली, जबकि कई लोग अभी भी लापता हैं। यह घटना कोलकाता के शक्ति केंद्र से मात्र 7 किमी दूर हुई और इसके बावजूद सरकार का कोई भी प्रतिनिधि या ममता बनर्जी वहां नहीं गईं, जो कि असंवेदनशीलता की पराकाष्ठा है।

उन्होंने यह भी बताया कि वाओ मोमो मामले में ममता बनर्जी जब मैड्रिड गई थीं, तब वाओ मोमो के सीईओ सागर दर्यानी भी उनके साथ थे। 27 लोगों की मृत्यु के बावजूद अब तक वाओ मोमो के मालिकों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है और सामने आई जानकारी से लगता है कि यह एक मानव-निर्मित घटना थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *