Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

एनएसयूआई ने उच्च शिक्षा मंत्री को ज्ञापन सौंपा, नर्मदा अंचल में शासकीय विश्वविद्यालय और छात्र संघ चुनाव बहाली की मांग

भोपाल, 30 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय में शुक्रवार को नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश शासन के उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार को छात्र हितों से जुड़ी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन एनएसयूआई प्रदेश सचिव अमन पठान के नेतृत्व में शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से प्रस्तुत किया गया।

ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने नर्मदा अंचल में शासकीय विश्वविद्यालय की स्थापना, प्रदेश में छात्र संघ चुनावों की तत्काल बहाली और माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय परिसर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थापित किए जाने अथवा किसी प्रमुख ऑडिटोरियम/भवन का नाम उनके नाम पर रखे जाने की मांग की।

इस अवसर पर एनएसयूआई प्रदेश सचिव अमन पठान ने कहा, “नर्मदा अंचल जैसे बड़े और ऐतिहासिक क्षेत्र में आज तक एक भी शासकीय विश्वविद्यालय का न होना बेहद चिंताजनक है। इससे हजारों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। छात्र संघ चुनाव बंद होने से छात्रों की लोकतांत्रिक आवाज़ को दबाया गया है। हमारी ये मांगें पूरी तरह छात्र हित और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने से जुड़ी हैं।” उन्होंने आगे कहा कि माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय जैसे संस्थान में महात्मा गांधी की प्रतिमा या उनके नाम पर कोई शैक्षणिक स्थल होना विद्यार्थियों को नैतिकता, सत्य और लोकतांत्रिक मूल्यों से जोड़ने का कार्य करेगा।

एनएसयूआई ने यह भी स्पष्ट किया कि इन मांगों को लेकर संगठन प्रदेश स्तर पर लगातार संघर्ष कर रहा है। वर्तमान में एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे के नेतृत्व में नरसिंहपुर से नर्मदापुरम तक “जन चेतना पदयात्रा” निकाली जा रही है, जिसमें नर्मदा अंचल में शासकीय विश्वविद्यालय की स्थापना एक प्रमुख मांग के रूप में शामिल है। इस पदयात्रा के माध्यम से छात्र, युवा और आम जनता की आवाज़ को सरकार तक पहुंचाया जा रहा है। ज्ञापन सौंपते समय विश्वविद्यालय के छात्र, एनएसयूआई कार्यकर्ता एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *