
जशपुर, 30 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने शुक्रवार को रक्षित केंद्र जशपुर का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण की शुरुआत रक्षित केंद्र में आयोजित परेड की सलामी से हुई, जिसके बाद उन्होंने परेड का बारीकी से निरीक्षण किया। परेड में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों के टर्नआउट की गहन समीक्षा की गई तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत भी किया गया। निरीक्षण परेड में जशपुर पुलिस के कुल 134 अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।

परेड निरीक्षण के उपरांत डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने रक्षित केंद्र स्थित वाहन शाखा का निरीक्षण किया। इस दौरान शासकीय वाहनों की वर्तमान स्थिति, रखरखाव और लॉग बुक सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। उन्होंने वाहन चालकों को शासकीय वाहनों को सदैव सुचारु और सुरक्षित स्थिति में रखने के निर्देश दिए।

इसके बाद रक्षित केंद्र जशपुर के सभा कक्ष में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद हेतु दरबार का आयोजन किया गया। अपने संबोधन में डॉ. लाल उमेद सिंह ने पुलिसकर्मियों को जनता के बीच संवेदनशील रहते हुए कर्तव्यों का निर्वहन करने और पुलिसिंग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया। उन्होंने थानों, चौकियों, रक्षित केंद्रों, कार्यालयों एवं परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। साथ ही पुलिसकर्मियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, फिट रहने, नशे से दूर रहने तथा समय के अनुरूप कंप्यूटर ज्ञान और चारपहिया वाहन चलाने में दक्ष होने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मचारियों को कंप्यूटर और ड्राइविंग का प्रशिक्षण देने के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

दरबार के दौरान डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समस्याएं और सुझाव भी सुने तथा कई मामलों में त्वरित निराकरण किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पाटनवार, एसडीओपी जशपुर चंद्रशेखर परमा, डीएसपी अजाक भावेश कुमार समरथ, डीएसपी मुख्यालय आशा तिर्की, रक्षित निरीक्षक अमरजीत खूंटे सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
