Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

केरा हसदेव नदी पुल पर चक्काजाम के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया मामला

जांजगीर-चाम्पा, 30 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। जांजगीर-चाम्पा जिले में कानून व्यवस्था को बाधित करने के मामले में पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए चक्का जाम करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है। थाना नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम केरा में हसदेव नदी पुल के पास आवागमन अवरुद्ध करने वाले लोगों के विरुद्ध आज पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 29 जनवरी 2026 को ग्राम मोहतरा के निवासियों ने गांव में भारी मात्रा में राखड़ डंपिंग किए जाने का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि राखड़ उड़ने से क्षेत्र में प्रदूषण फैल रहा है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। इसी मांग को लेकर ग्रामीणों ने केरा रोड स्थित हसदेव नदी पुल के पास सड़क को चारों ओर से घेरकर बैठते हुए आवागमन पूरी तरह से बाधित कर दिया।

चक्का जाम के दौरान राहगीरों और वाहनों को रोक दिया गया, जिससे आम जनता को बहुत परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना नवागढ़ पुलिस ने मौके पर कार्यवाही करते हुए चक्का जाम करने वालों के खिलाफ विधिसम्मत कदम उठाया।

इस मामले में आज पुलिस ने ग्राम मोहतरा एवं केरा के निवासी 8 लोगों को नामजद करते हुए अन्य 25 से 30 अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की है। पुलिस ने कहा है कि इस प्रकरण में शीघ्र ही आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था भंग करने वाले नागरिकों के आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *