Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

स्टॉक मार्केट में शायोना इंजीनियरिंग की सुस्त शुरुआत, आईपीओ निवेशक हुए नुकसान में

नई दिल्ली, 30 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन, हैवी फैब्रिकेशन, कास्टिंग, फॉर्जिंग, रिवर्स इंजीनियरिंग और टर्न-की प्रोजेक्ट मशीनरी में कार्यरत कंपनी शायोना इंजीनियरिंग के शेयरों ने आज स्टॉक मार्केट में एक सुस्त शुरुआत की, जिससे आईपीओ निवेशकों को निराशा का सामना करना पड़ा। आईपीओ के तहत कंपनी के शेयर 144 रुपये के भाव पर जारी किए गए थे। आज बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर उनकी लिस्टिंग 144 रुपये के स्तर पर हुई, जिसमें कोई बड़ा उतार-चढ़ाव नजर नहीं आया। लिस्टिंग के बाद बिकवाली के दबाव के चलते शेयर 137.40 रुपये तक गिर गए, हालाँकि बाद में खरीदारों ने स्थिति में सुधार किया। सुबह 11 बजे तक कारोबार के दौरान कंपनी के शेयर 143 रुपये के स्तर पर थे। इस तरह, अब तक के कारोबार में कंपनी के आईपीओ निवेशक 0.69 प्रतिशत के नुकसान में रहे।

शायोना इंजीनियरिंग का 14.86 करोड़ रुपये का आईपीओ 22 से 27 जनवरी के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। इसे निवेशकों की ओर से औसत प्रतिक्रिया मिली, और यह 5.43 गुना सब्सक्राइब हुआ। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (क्यूआईबी) के लिए रिजर्व पोर्शन 3.33 गुना सब्सक्राइब हुआ, जबकि नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (एनआईआई) के लिए यह 9.30 गुना रहा। रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए रिजर्व पोर्शन 3.73 गुना सब्सक्राइब हो सका। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 10.32 लाख नए शेयर जारी किए गए हैं। आईपीओ से जुटाए गए पैसे का उपयोग कंपनी प्लांट और मशीनरी खरीदने, पुराने कर्ज के बोझ को कम करने, कार्यशील पूंजी की जरूरतों को पूरा करने और अन्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी।

कंपनी की वित्तीय स्थिति को देखते हुए, कैपिटल मार्केट रेगुलेटर सेबी के पास जमा कराए गए ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी) में उल्लेख है कि इसकी वित्तीय सेहत में लगातार सुधार हो रहा है। वित्त वर्ष 2022-23 में कंपनी ने 61 लाख रुपये का शुद्ध लाभ कमाया, जो अगले वर्ष 2023-24 में 1.71 करोड़ रुपये और उसके अगले वर्ष 2024-25 में 2.42 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष में अप्रैल से 30 नवंबर 2025 तक कंपनी ने 2.45 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया है।

इस दौरान कंपनी की राजस्व प्राप्ति में भी बढ़ोतरी हुई है। वित्त वर्ष 2022-23 में उसे 12.63 करोड़ रुपये का कुल राजस्व प्राप्त हुआ, जो वित्त वर्ष 2023-24 में 15.28 करोड़ और वित्त वर्ष 2024-25 में 23.18 करोड़ रुपये तक बढ़ गया। मौजूदा वित्त वर्ष में अप्रैल से 30 नवंबर 2025 तक कंपनी ने 19.15 करोड़ रुपये का राजस्व कमाया है।

इस अवधि में कंपनी के कर्ज में लगातार इजाफा हुआ है। वित्त वर्ष 2022-23 के अंत में कंपनी पर 3.45 करोड़ रुपये का कर्ज था, जो 2023-24 में बढ़कर 5.42 करोड़ रुपये और 2024-25 में 13.92 करोड़ रुपये तक पहुँच गया। मौजूदा वित्त वर्ष में 30 नवंबर 2025 तक कंपनी पर कर्ज का बोझ 22.61 करोड़ रुपये हो गया है।

साथ ही, कंपनी के रिजर्व और सरप्लस में भी वृद्धि हुई है। वित्त वर्ष 2022-23 में यह 1.01 करोड़ रुपये था, जो 2023-24 में बढ़कर 1.72 करोड़ रुपये हो गया और 2024-25 में 7.05 करोड़ रुपये तक पहुँच गया। मौजूदा वित्त वर्ष में 30 नवंबर 2025 तक यह 9.50 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुँच गया।

इसी तरह, ईबीआईटीडीए (अर्निंग बिफोर इंट्रेस्ट, टैक्सेज, डिप्रेशिएशंस एंड एमॉर्टाइजेशन) वित्त वर्ष 2022-23 में 1.15 करोड़ रुपये था, जो 2023-24 में बढ़कर 3 करोड़ रुपये और 2024-25 में 5 करोड़ रुपये तक पहुँच गया। मौजूदा वित्त वर्ष में 30 नवंबर 2025 तक यह 4.08 करोड़ रुपये रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *