
रायपुर, 17 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। मुख्यमंत्री साय के निर्देशानुसार बगीचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को एक नया आयाम मिला है। वर्ष 2024 में इस केंद्र को 100 बिस्तरीय अस्पताल में उन्नयन करने का निर्णय लिया गया है, जिसके तहत कुल 94 पदों की स्वीकृति प्रदान की गई है। यह उन्नयन स्पष्ट रूप से स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए उठाया गया एक कदम है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जशपुर ने बताया कि पूर्व में वर्ष 2022 में केवल 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन निर्माण के लिए स्वीकृति दी गई थी, जिसकी लागत लगभग 243.72 लाख रुपये निर्धारित की गई थी। यह स्वीकृति तकनीकी मानकों के अनुसार थी और इससे अस्पताल की अंतिम चिकित्सा क्षमता का निर्धारण नहीं हुआ था।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में, स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति को सुधारने के लिए ठोस कदम उठाए गए हैं, जिसमें बगीचा केंद्र का 100 बिस्तरीय अस्पताल के रूप में उन्नयन करना शामिल है। यह नए पदों में विशेषज्ञ चिकित्सक, मेडिकल ऑफिसर, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल तथा सहायक पद शामिल हैं, जो इस बात की पुष्टि करते हैं कि इसे पूर्ण 100 बिस्तरीय स्वास्थ्य सुविधा के रूप में विकसित किया जाएगा।
इस प्रकार, अस्पताल को 30 बिस्तरीय के रूप में प्रदर्शित करने संबंधी प्रचार पूरी तरह से भ्रामक है। मुख्यमंत्री साय की जनहितैषी सोच और प्रभावशाली नेतृत्व के कारण बगीचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को एक नई पहचान मिली है, जिससे क्षेत्र की जनता को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
