Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

गडकरी ने मप्र के विदिशा को दी 4400 करोड़ रुपये लागत की आठ सड़क परियोजनाओं की सौगात

विदिशा, 17 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने शनिवार को मध्य प्रदेश के प्रवास के दौरान विदिशा जिला मुख्यालय पर आयोजित समारोह में 4400 करोड़ रुपये की लागत वाली आठ सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। समारोह में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी उपस्थित रहे।

केंद्रीय मंत्री गडकरी दोपहर करीब एक बजे हेलीकॉप्टर से विदिशा पहुंचे और यहां भव्य रोड शो किया। बड़ा बाजार से शुरू हुए रोड शो ने ‘पुरानी कृषि उपज मंडी’ में आयोजित कार्यक्रम स्थल तक यात्रा की। इस दौरान सड़क के दोनों ओर भारी संख्या में मौजूद नागरिकों ने फूलों की वर्षा कर अपने नेताओं का स्वागत किया।

इस समारोह के दौरान, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय मंत्री गडकरी को स्मृति चिह्न भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इसके बाद, नितिन गडकरी ने रिमोट का बटन दबाकर कुल 181 किलोमीटर लंबी 8 महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके अलावा, उन्होंने सागर जिले में तीन ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटरों की भी घोषणा की।

गडकरी ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि, “मैं जो भी काम करता हूं, उसमें 90 फीसद काम किसान के लिए करता हूं। मेरी कोशिश है कि किसान ऊर्जादाता भी बने।” उन्होंने कहा कि, “किसान हाइड्रोजन भी बना रहा है,” और यह भी कि, “किसान अब डामरदाता भी बन गया है।”

उन्होंने आगे कहा, “हमारे देश में पैसों की कमी नहीं है। जनता के लिए ईमानदारी से काम करने वाले नेताओं की कमी है।” गडकरी ने अपने शहर में टॉयलेट का पानी बेचने की बात की, जिससे 300 करोड़ रुपये की आय होती है। उन्होंने यह भी कहा कि “मैं मध्य प्रदेश को 1600 करोड़ देने की घोषणा करता हूं।” इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी अपने विचार साझा किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *