Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

मध्‍य प्रदेश में सर्दी का सितम जारी, कई जिलों में पारा 5 डिग्री से नीचे, वेस्टर्न डिस्टरबेंस से बारिश की संभावना

भोपाल, 15 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। मध्य प्रदेश में सर्द हवाओं की वजह से ठंड का असर बढ़ गया है। राजधानी भोपाल समेत पूरे प्रदेश में सर्दी का असर लगातार बना हुआ है। नवंबर-दिसंबर के बाद जनवरी में भी ठंड के पुराने रिकॉर्ड टूटते नजर आ रहे हैं। कई जिलों में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। प्रदेश में सर्द हवाओं की वजह से रात के तापमान में और गिरावट दर्ज की गई है। शहडोल और कटनी में पारा 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है, जबकि ग्वालियर और भोपाल में भी रातें कड़ाके की ठंड से प्रभावित हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, 16 जनवरी से हिमालयी क्षेत्र में एक मजबूत वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से 3 से 4 दिन बाद मध्य प्रदेश में मावठा यानी बारिश होने की संभावना है। फिलहाल पश्चिमी हिस्से के पास से एक ट्रफ गुजर रही है, लेकिन उसका सीधा असर प्रदेश पर नहीं पड़ रहा है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के मजबूत होने के कारण कई जिलों में बादल छाने और हल्की बारिश की स्थिति बन सकती है।

वहीं, पूर्व-उत्तर भारत के ऊपर समुद्र तल से करीब 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर जेट स्ट्रीम हवाएं लगभग 204 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बह रही हैं। इसका असर एमपी में भी महसूस किया जा रहा है। बुधवार को भोपाल सहित कई जिलों में दिन के समय भी ठंडी हवाएं चलीं। हालांकि तेज धूप निकलने से कुछ समय के लिए ठंड से राहत मिली।

उत्तरी एमपी में कोहरे का असर
प्रदेश के उत्तरी इलाकों ग्वालियर, चंबल, सागर और रीवा संभाग में कोहरे की स्थिति बनी हुई है। गुरुवार सुबह ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना और रीवा में मध्यम कोहरा देखा गया। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, रायसेन, सीहोर, शाजापुर, गुना, राजगढ़, रतलाम और मंडला समेत कई जिलों में हल्का कोहरा छाया रहा। कोहरे का असर रेल यातायात पर भी पड़ रहा है। दिल्ली से भोपाल, इंदौर और उज्जैन आने वाली कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं।

सबसे ठंडे इलाके और तापमान
बुधवार की रात शहडोल के कल्याणपुर में न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री और कटनी के करौंदी में 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रीवा में 5.8 डिग्री, मंदसौर और चित्रकूट में 6.1 डिग्री, खजुराहो में 6.2 डिग्री, उमरिया में 6.8 डिग्री, दतिया और मंडला में 7 डिग्री तापमान रहा। प्रदेश के पांच बड़े शहरों में ग्वालियर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल में 9.8 डिग्री, इंदौर में 10.2 डिग्री, उज्जैन में 11.2 डिग्री और जबलपुर में 10 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *