
भोपाल, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। मध्य प्रदेश में सोमवार को स्वामी विवेकानंद की 163वीं जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनायी गई। इस अवसर पर प्रदेश के सभी स्कूलों में सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया। स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने नरसिंहपुर जिले के राव रुक्मणीदेवी पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों के साथ सामूहिक सूर्य नमस्कार व योग किया। उपस्थित जनों ने स्वामी विवेकानंद के रिकॉर्डेड संदेश और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के रेडियो के माध्यम से प्रसारित संदेश का भी श्रवण किया।
इस अवसर पर मंत्री सिंह ने विद्यार्थियों को योग के माध्यम से स्वस्थ रहने और स्वामी विवेकानंद के आदर्शों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपने महापुरुषों के विचारों से जोड़ना आवश्यक है, ताकि उनमें आत्मविश्वास, चरित्र विकास और राष्ट्रप्रेम की भावना उत्पन्न हो सके। राष्ट्रीय युवा दिवस बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को पहचानने, उन्हें सही दिशा देने और जिम्मेदार नागरिक बनाने का अवसर है। यह दिन स्वामी विवेकानंद की शिक्षाओं को बच्चों के जीवन में उतारने का संकल्प लेने का भी है।
मंत्री ने स्वामी विवेकानंद की महानता का स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी अल्पायु में ही विश्व स्तर पर भारत को ज्ञान, संस्कृति और मानवता का संदेश दिया। उन्होंने मातृभाषा के सम्मान और भारतीय मूल्यों के प्रति दृढ़ता को महत्व दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए मंत्री सिंह ने कहा कि उनके नेतृत्व में भारत ने नवाचार, आत्मनिर्भरता और प्रगति की नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। योग को विश्व की जीवनशैली के रूप में स्थापित करने में प्रधानमंत्री की भूमिका महत्वपूर्ण रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में हर जिले में युवा दिवस के कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंत्री ने बच्चों से कहा कि उन्हें यह समझना चाहिए कि राष्ट्रीय युवा दिवस क्यों मनाया जाता है और इसके पीछे स्वामी विवेकानंद के जीवन का क्या महत्व है। इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति रही।
