Sunday, March 8खबर जो असर करे |
Shadow

बीएसई और एनएसई के बाद अब देश को मिलेगा तीसरा स्टॉक एक्सचेंज एमएसई

नई दिल्ली, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के बाद अब देश में तीसरे स्टॉक एक्सचेंज मेट्रोपॉलिटन स्टॉक एक्सचेंज (एमएसई) की शुरुआत होने जा रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि अगले दो सप्ताह में एमएसई में सक्रिय ट्रेडिंग की शुरुआत हो सकती है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाजार में लिक्विडिटी को बढ़ाने के लिए इस एक्सचेंज में विशेष योजनाएं तैयार की गई हैं, जिसके तहत वर्तमान में मार्केट मेकर्स की नियुक्ति की जा रही है। प्रारंभिक चरण में इस एक्सचेंज से 130 शेयरों के लिए लिक्विडिटी प्रदान करने की योजना है।

मेट्रोपॉलिटन स्टॉक एक्सचेंज (एमएसई) के सक्रिय होने का लंबे समय से प्रतीक्षा की जा रही थी। प्रारंभिक कारोबार के लिए, एमएसई ने दिसंबर 2024 और अगस्त 2025 के भीतर 1,240 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बनाई है। इसमें ग्रो और जेरोधा जैसी प्रमुख ब्रोकरेज कंपनियों ने मुख्य रूप से निवेश किया है।

बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि एमएसई का बीएसई और एनएसई के मुकाबले खड़ा होना एक चुनौतीपूर्ण कार्य होगा, क्योंकि वर्तमान में इन दोनों एक्सचेंजों का प्रभाव काफी मजबूत है। कोटक सिक्योरिटीज के इक्विटी रिसर्च हेड श्रीकांत चौहान का मानना है कि बीएसई और एनएसई की मजबूत पकड़ और सेबी के नियम एमएसई के लिए मुश्किलें बढ़ा सकते हैं।

सेबी के नियमों के अनुसार फ्यूचर्स और ऑप्शंस की वीकली एक्सपायरी मंगलवार और गुरुवार को होती है, और वर्तमान में इसमें कोई परिवर्तन की संभावना नहीं है। यदि नियमों में बदलाव नहीं हुआ, तो एमएसई को भी एक्सपायरी के लिए मंगलवार या गुरुवार में से किसी एक दिन का चयन करना होगा, जिससे डेरिवेटिव्स में इतनी आसानी से पकड़ बनाना मुश्किल हो सकता है।

दिल्ली स्टॉक एक्सचेंज, कोलकाता स्टॉक एक्सचेंज और मगध स्टॉक एक्सचेंज जैसे छोटे स्टॉक एक्सचेंजों के विध्वंस के बाद, अब देश का अधिकांश स्टॉक मार्केट बीएसई और एनएसई के माध्यम से संचालित होता है। जहां तक मार्केट शेयर की बात है, एनएसई के पास सबसे अधिक हिस्सेदारी है, जिसमें कैश में उसकी हिस्सेदारी 90 प्रतिशत से अधिक है। जबकि बीएसई की हिस्सेदारी कैश में 9 से 10 प्रतिशत और स्टॉक फ्यूचर्स एवं ऑप्शंस में 5 प्रतिशत के आसपास है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *