Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर साधा निशाना, जीतू पटवारी बोले- भाजपा का गो-प्रेम केवल भाषणों तक सीमित

भोपाल, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में स्लॉटर हाउस में गौ मांस मिलने की घटना ने राजनीतिक बहस छेड़ दी है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस मुद्दे पर भाजपा पर तीखा हमला किया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा का गो-प्रेम केवल भाषणों तक सीमित है और पार्टी गाय के नाम पर राजनीति कर रही है।

जीतू पटवारी ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि गाय माता के नाम पर भाजपा और मध्य प्रदेश सरकार ने जनता के साथ बड़ा धोखा किया है। उन्होंने बताया कि भोपाल नगर निगम भाजपा के अधीन है और इस नगर निगम के अंतर्गत स्लॉटर हाउस से गाय के मांस के कई टन अवशेष बरामद हुए हैं। पटवारी ने कहा कि जब भाजपा ने गौमांस पर टैक्स लगाया, तब कांग्रेस ने इसका विरोध किया था।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने गाय को लेकर जो मॉब लिंचिंग की राजनीति की है, उससे साबित होता है कि मुख्यमंत्री के दावे झूठे हैं और भाजपा की कथनी और करनी में अंतर है। पटवारी ने उदाहरण दिया कि इंदौर नगर निगम, जो भाजपा के नियंत्रण में है, वहां जहरीले पानी से 23 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि गौशालाओं में गायें भी मर रही हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि इंदौर और भोपाल को स्मार्ट सिटी का दर्जा मिला है, लेकिन हालात ऐसे हैं कि वहां पीने का शुद्ध पानी भी उपलब्ध नहीं है। पटवारी ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें अपने कार्य में सुधार करना चाहिए और आत्मचिंतन करना चाहिए।

अंत में, उन्होंने मांग की कि भोपाल स्लॉटर हाउस में गौ-मांस पकड़े जाने की घटना की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, इंदौर नगर निगम की गौशाला में गायों की मौत की न्यायिक जांच की जाए, और गौ-मांस पर लागू 0% जीएसटी के निर्णय को तुरंत वापस लिया जाए। साथ ही, उन्होंने प्रदेश की सभी गौशालाओं और निर्वासित गोवंश पर श्वेत पत्र जारी करने की भी मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *