बलरामपुर : किसान रामबकस ने मोबाइल से सीखी आधुनिक खेती, टमाटर उत्पादन से हो रही लाखों की आमदनी
बलरामपुर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। जहां इंटरनेट को अक्सर मनोरंजन या अपराध का जरिया समझा जाता है, वहीं बलरामपुर के एक किसान ने इसे अपनी तरक्की का माध्यम बना दिया। मोबाइल और यूट्यूब से खेती की नई तकनीक सीखकर इस किसान ने टमाटर उत्पादन में ऐसा कमाल किया कि अब हर सीजन लाखों की आमदनी हो रही है। यह कहानी है मुरका गांव के तलैया पारा निवासी रामबकस की, जिन्हें अब लोग ‘स्मार्ट किसान’ के नाम से पहचानते हैं।
बलरामपुर जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर बसे मुरका गांव के रामबकस पहले पारंपरिक तरीके से खेती करते थे। आमदनी सीमित थी और मेहनत का पूरा मूल्य नहीं मिल पाता था। लेकिन एक दिन मोबाइल पर खेती से जुड़ा वीडियो देखने के बाद उनकी सोच बदल गई। उन्होंने यूट्यूब से उन्नत खेती, बीजों की गुणवत्ता, मिट्टी की तैयारी और जैविक खादों के इस्तेमाल की तकनीक सीखी।
रामबकस ने टमाटर की खेती को अपनी नई शुरुआत बनाया...









