युवाओं, महिलाओं और गरीबों के लिए विशेष बजट: योगी आदित्यनाथ
लखनऊ, 02 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय बजट के संदर्भ में सोमवार को एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार प्रकट किया और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को धन्यवाद दिया।
मुख्यमंत्री योगी ने अपने सरकारी आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि इस दूरदर्शी बजट के लिए प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद करते हैं। उन्होंने कहा कि देश ने पिछले साढ़े 11 वर्षों में जो यात्रा तय की है, आज उसी का परिणाम है कि 25 करोड़ से अधिक आबादी गरीबी से बाहर निकलकर भारत के विकास में योगदान दे रही है। जब नीति स्पष्ट होती है और नियत साफ होती है, तभी ऐसे परिणाम आते हैं। आज भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है।
सीएम योगी ने कहा कि मोदी का हमेशा जोर रहा है कि हमें अपने अधिकारों पर ही नहीं बल्कि कर्तव्यों पर भी ध्यान देना चाहिए। समाज और राष्ट्र के प्रति हर नागरिक का क...

