Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

युवाओं, महिलाओं और गरीबों के लिए विशेष बजट: योगी आदित्यनाथ

लखनऊ, 02 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय बजट के संदर्भ में सोमवार को एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार प्रकट किया और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को धन्यवाद दिया।

मुख्यमंत्री योगी ने अपने सरकारी आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि इस दूरदर्शी बजट के लिए प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद करते हैं। उन्होंने कहा कि देश ने पिछले साढ़े 11 वर्षों में जो यात्रा तय की है, आज उसी का परिणाम है कि 25 करोड़ से अधिक आबादी गरीबी से बाहर निकलकर भारत के विकास में योगदान दे रही है। जब नीति स्पष्ट होती है और नियत साफ होती है, तभी ऐसे परिणाम आते हैं। आज भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है।

सीएम योगी ने कहा कि मोदी का हमेशा जोर रहा है कि हमें अपने अधिकारों पर ही नहीं बल्कि कर्तव्यों पर भी ध्यान देना चाहिए। समाज और राष्ट्र के प्रति हर नागरिक का कर्तव्य समझना चाहिए। यह पहला बजट है जो कर्तव्य भवन में आया है। इस बजट में रिफॉर्म, ग्रोथ और फिजिकल डिसिप्लिन की विशेषताएं देखने को मिली हैं। यह बजट सुदृढ़ कार्य करेगा और इसमें किसान, युवा, महिला और गरीब की आकांक्षाओं का ध्यान रखा गया है। इसमें 10 हजार करोड़ का प्रावधान एमएसएमई सेक्टर के लिए रखा गया है, जिनमें से 96 लाख एसएमएमई इकाइयां उत्तर प्रदेश में हैं।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि वाराणसी से हल्दिया तक वाटरवे की शुरुआत हो चुकी है और गोमती समेत अन्य नदियों में भी इसका लाभ उठाया जा सकता है। 10 हजार करोड़ का बजट बायोफार्मा हब बनाने के लिए प्रावधानित किया गया है। यूपी सरकार इस दिशा में योजना बनाकर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि महात्मा गांधी ग्राम स्वराज योजना भी लॉन्च की गई है, जिसका सबसे अधिक लाभ उत्तर प्रदेश को होगा।

योगी ने कहा कि इस बजट में लॉजिस्टिक के लिए काफी संभावनाएं हैं। यूपी में महिला कार्यबल को तेजी से आगे बढ़ाया गया है, जहाँ पहले 12% कार्यबल था, अब 36% महिलाएं विभिन्न सेक्टर में कार्य कर रही हैं। शहरी क्षेत्र में उनके लिए आवास सुविधा और छात्रावास की व्यवस्था की जा रही है।

सीएम ने कहा कि पिछले वर्ष माघ मेला में श्रद्धालुओं की संख्या में भारी बढ़ोतरी हुई है। इस बार 15 आर्किलोजिकल साइट विकसित करने का प्रावधान बजट में किया गया है, जिसका फायदा यूपी को मिलेगा। देश में 10 हजार टूरिस्ट गाइड को प्रशिक्षण देने की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी ने पूर्व सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने इस बजट पर सवाल उठाए हैं, उनसे पूछा जाना चाहिए कि वे पहले कहाँ थे, जब सरकार में थे। अंत में, उन्होंने कहा कि यह बजट विशेष रूप से युवाओं, महिलाओं, गरीबों और किसानों के लिए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *