जयपुर में पहली बार हुई सेना दिवस परेड, हजारों लोगों ने नजदीक से देखे अत्याधुनिक हथियार
जयपुर, 15 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। भारतीय सेना की 78वीं सेना दिवस परेड बुधवार को पहली बार आर्मी एरिया से बाहर जयपुर में जगतपुरा के महल रोड पर आयोजित की गई। परेड को देखने के लिए सड़क के दोनों ओर हजारों लोग उमड़े। परेड के दौरान सेना की आधुनिक सैन्य शक्ति और परंपरागत शौर्य का प्रदर्शन किया गया। आम लोगों ने ब्रह्मोस मिसाइल, पिनाका मल्टी बैरल रॉकेट लॉन्चर और अन्य अत्याधुनिक हथियार प्रणालियों को नजदीक से देखा। आकाश में अपाचे अटैक हेलीकॉप्टरों ने फ्लाई-पास्ट कर युद्धक क्षमताओं का प्रदर्शन किया और हेलीकॉप्टरों से पुष्पवर्षा की गई।
परेड की शुरुआत ऑपरेशन 'सिंदूर' में शहीद जवानों को मरणोपरांत सेना मेडल (वीरता) प्रदान करने के साथ हुई। इसी दौरान 1 पैरा स्पेशल फोर्स के शहीद लांस नायक प्रदीप कुमार की मां मंच पर सम्मान ग्रहण करते समय अचानक बेहोश हो गईं। मौके पर मौजूद सैन्य अधिकारियों ने उन्हें संभाला और त...


