
कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर के मिंटो हॉल, भोपाल में, आज गुरुवार, 05 नवंबर (हि.स.) को मध्य प्रदेश एक्सपोर्ट एंड एफटीए कॉन्क्लेव का आयोजन हुआ। यह कार्यक्रम मध्य प्रदेश शासन ने भारत सरकार के वाणिज्य विभाग के सहयोग से आयोजित किया है। जनसम्पर्क अधिकारी बबीता मिश्रा ने बताया कि मध्य प्रदेश एक्सपोर्ट एंड एफटीए कॉन्क्लेव के उद्घाटन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुभारम्भ किया।
उपस्थित अतिथियों में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप, केंद्र एवं राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, निर्यात संवर्धन परिषदों के प्रतिनिधि, उद्योग संगठनों के पदाधिकारी और प्रमुख निर्यातक शामिल थे। बबीता मिश्रा ने बताया कि कॉन्क्लेव में मुफ्त व्यापार समझौते के माध्यम से प्रदेश के निर्यातकों के लिए उपलब्ध नए अवसरों को साझा किया गया। इस उद्देश्य से एक पैनल चर्चा में औद्योगिक एवं कृषि आधारित उत्पादों के संभावित अंतरराष्ट्रीय बाजारों की पहचान और निर्यात विस्तार की व्यावहारिक रणनीति पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कॉन्क्लेव में निम्न नवाचारों का शुभारम्भ किया: मध्य प्रदेश एफटीए कार्ययोजना 2026-27, मध्य प्रदेश एफटीए निर्यातक मार्गदर्शिका, मध्य प्रदेश एफटीए हेल्पडेस्क, एमपी ट्रेड पोर्टल का एफटीए मॉड्यूल और एफटीए एक्सेलेरेटर।
विशेष पैनल चर्चा में वस्त्र एवं परिधान, फार्मास्यूटिकल्स, इंजीनियरिंग एवं ऑटो कंपोनेंट्स, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण तथा रसायन उद्योग के प्रतिनिधियों ने 2030 तक के निर्यात लक्ष्यों और आवश्यक नीतिगत बदलावों पर प्रकाश डाला।
भारत सरकार के वाणिज्य विभाग के संयुक्त सचिव ने व्यापार समझौतों और राष्ट्रीय स्तर पर चल रहे आउटरीच कार्यक्रम की जानकारी दी। विदेश व्यापार महानिदेशालय के संयुक्त महानिदेशक श्री अभिषेक शर्मा ने निर्यात प्रोत्साहन मिशन पर प्रस्तुति दी।
तकनीकी सत्र में ब्रिटेन, संयुक्त अरब अमीरात और ऑस्ट्रेलिया के साथ हुए व्यापार समझौतों के तहत निर्यात कर चुके प्रदेश के उद्यमियों ने अनुभव साझा किया, जिसमें उत्पाद पात्रता, उत्पत्ति प्रमाणपत्र, सीमा शुल्क प्रक्रिया और गुणवत्ता मानकों पर व्यावहारिक जानकारी दी गई।
केंद्रीय एवं राज्य सरकार की एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने निर्यातकों को उपलब्ध वित्तीय सहायता, बीमा और गुणवत्ता प्रमाणन के बारे में मार्गदर्शन किया। इसमें विदेश व्यापार महानिदेशालय, निर्यात ऋण गारंटी निगम, कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण, भारतीय निर्यात संगठन महासंघ, इंडिया पोस्ट, एक्सिम बैंक, कस्टम्स और भारतीय मानक ब्यूरो के सहायता केंद्र शामिल थे।
कॉन्क्लेव में एक जिला-एक उत्पाद प्रदर्शनी भी आयोजित हुई, जहां बाघ प्रिंट, बाटिक प्रिंट, चंदेरी वस्त्र और जरी-जरदोजी सहित मध्य प्रदेश की विशिष्ट कलात्मक एवं शिल्प परंपराओं के उत्पाद प्रदर्शित हुए।
समापन सत्र में जिला स्तर पर निर्यात कार्यशालाओं, एफटीए एक्सेलेरेटर प्रशिक्षण कार्यक्रमों, हेल्पडेस्क गतिविधियों और आने वाले ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 के संदर्भ में निर्यात विस्तार की कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
