
धमतरी, 03 नवंबर (प्रेस ब्यूरो)। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के रंगीले सांस्कृतिक कार्यक्रम में सियान गुड़ी के वरिष्ठ नागरिकों ने अपनी शानदार सामूहिक प्रस्तुति से लोकसंस्कृति की अनुपम छटा बिखेरी। समाज कल्याण विभाग, जिला धमतरी के मार्गदर्शन में जननी सेवा संस्थान, अर्जुनी द्वारा संचालित इस डे‑केयर सेंटर के वरिष्ठजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककला और पारम्परिक संस्कृति को जीवंत रूप में दर्शाया।
सोमवार देर शाम आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वरिष्ठजनों ने छत्तीसगढ़ी लोकगीतों की मधुर धुन पर सामूहिक लोकनृत्य प्रस्तुत किया। उनकी ऊर्जा, तालमेल और उत्साह ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रस्तुति में सुआ नृत्य, गौर‑गौरी नृत्य और राउत नाचा की मनमोहक झलक देखी गई। पारम्परिक वेशभूषा और लोकगीतों की लय पर थिरकते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और लोकपरंपराओं के प्रति गहरा लगाव दिखाया।

इस रंगीन प्रस्तुति में रामकुवर साहू, बिसाहिन देवांगन, लछवनतिन साहू, यशोदा साहू, गीता साहू, रेणुका केशरवानी, कावला कौशल, विष्णु प्रसाद, अशोक साहू, ढेलू राम साहू, सुशील केशरवानी, जगदेव साहू, भागीरथी साहू, बाबूलाल साहू, रेमुन साहू, राम बाई एवं शशिप्रभा दुबे सहित कई वरिष्ठजनों ने भाग लिया। सहयोग में जननी सेवा संस्थान की सहयोग अध्यक्ष अन्नपूर्णा (अश्विनी) गजेंद्र, दिव्या साहू, दानवीर गजेंद्र, उमराव साहू, सती सेन, दुलारी पटेल, तुलसी साहू, चैतांशु राजा, दिव्य प्रकाश गजेंद्र, कुणाल देवांगन, प्रशांत साहू और घनेंद्र चक्रधारी ने सहयोग दिया। कार्यक्रम का संयोजन शेष नारायण गजेंद्र ने किया।
शेष नारायण गजेंद्र ने बताया कि सियान गुड़ी का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को सामाजिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर सक्रिय एवं आनंदमय जीवन प्रदान करना है। ऐसे मंचों पर भाग लेने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। इस प्रस्तुति ने यह सिद्ध किया कि कला, संस्कृति और प्रतिभा उम्र की कोई बाधा नहीं है; उम्र के इस पड़ाव पर भी उनका जोश नई पीढ़ी के लिये प्रेरणास्रोत बनता है।
