
Balrampur, 25 अक्टूबर (प्रेस ब्यूरो)। चक्रवात के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में 28 और 29 अक्टूबर को भारी बारिश की संभावना को देखते हुए, बलरामपुर जिला प्रशासन ने तात्कालिक चेतावनी जारी की है। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने रविवार को राजस्व अमले और आपदा प्रबंधन टीम को सतर्क रहने और जलभराव व बाढ़ की आशंका वाले संवेदनशील स्थलों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से किसी भी आपात स्थिति में प्रभावित लोगों तक तत्काल राहत पहुँचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार चक्रवात उत्तरी आंध्र प्रदेश के तट पर पहुँचने की संभावना है। इसके प्रभाव से 27 अक्टूबर को Sukma और Dantwada तथा 28-29 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में बारिश होने का अनुमान है। कुछ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। संभावित मौसमी परिस्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियाँ पहले से पूरी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जिला और तहसील स्तर पर कंट्रोल रूम सक्रिय रखने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों पर लगातार नजर रखने का आदेश दिया। राजस्व, पुलिस, नगरीय निकाय, पंचायत, स्वास्थ्य और विद्युत विभाग को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए गए। निचले इलाकों और बाढ़ संभावित क्षेत्रों की पहचान कर राहत एवं बचाव की व्यवस्था तैयार रखने के साथ ही SDRF, होमगार्ड और अन्य बचाव दलों को आवश्यक उपकरणों के साथ तैयार रहने को कहा गया।

जलाशयों और बांधों के जलस्तर पर नियमित नजर रखने के निर्देश भी दिए गये। बांधों से पानी छोड़े जाने की स्थिति में संबंधित क्षेत्रों के लोगों को समय रहते सूचना देने और आवश्यक सावधानी बरतने के लिए जागरूक करने पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि संभावित आपदा के दौरान जनहानि रोकना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
प्रशासन ने नागरिकों से भी सतर्क रहने की अपील की। लोगों को नदी-नालों, जलप्रपातों और तेज बहाव वाले जलस्रोतों के पास जाने से बचने को कहा गया है। पानी में डूबे रास्तों, पुल-फ्लेक्स और बैरियर लगे स्थानों को पार करने का प्रयास न करने की सलाह दी गई। इसके अलावा गिरे हुए बिजली के तारों से दूर रहने, भूस्खलन या जमीन धंसने की आशंका वाले क्षेत्रों से बचने और अनावश्यक रूप से, विशेषकर रात में, यात्रा न करने की अपील की गई। बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को भी कहा गया।
आपात स्थिति में नागरिक 112, जिला बाढ़ आपदा नियंत्रण कक्ष के टोल फ्री नंबर 07831-273002 या स्थानीय प्रशासन से संपर्क कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने मौसम और राहत संबंधी जानकारी के लिए अधिकृत स्रोतों पर ही भरोसा करने तथा अफवाहों से दूर रहने की अपील की।
