Saturday, September 12खबर जो असर करे |
Shadow

विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग से जुड़ेंगे जिले के युवा, प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता को मिलेगा राष्ट्रीय मंच

जांजगीर-चांपा। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जांजगीर-चांपा जिले में अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन एवं अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए आज शुक्रवार काे कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि इस पहल के माध्यम से युवाओं को अपने विचार, नवाचार एवं नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने तथा विकसित भारत के निर्माण के लिए अपने दृष्टिकोण साझा करने का अवसर मिलेगा। कलेक्टर अभियान की तैयारियों एवं अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने जिले में अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं युवाओं की सहभागिता बढ़ाने के लिए विभिन्न जागरूकता एवं सहभागिता गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए।

युवा अधिकारी प्रतिष्ठा माथूर ने बताया कि अभियान के अंतर्गत “विकसित भारत क्विज” का आयोजन मेरा युवा भारत पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन किया जा रहा है। जिले के पात्र युवा ’’25 सितंबर 2026 तक’’ क्विज में भाग लेकर अपनी सहभागिता दर्ज करा सकते हैं।

प्रतियोगिता की प्रक्रिया क्विज से शुरू होकर जिलास्तर, राज्यस्तर एवं राष्ट्रीयस्तर तक आयोजित की जाएगी। विभिन्न चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को अपनी प्रतिभा एवं नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के माध्यम से शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता, प्रौद्योगिकी, पर्यावरण एवं सामाजिक विकास सहित विभिन्न विषयों पर युवाओं के विचारों एवं सुझावों को प्रोत्साहित किया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं को नीति निर्माण, नवाचार एवं राष्ट्र विकास की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदार बनाना है। मेरा युवा भारत, जांजगीर-चांपा द्वारा जिले के सभी पात्र युवाओं, युवा संगठनों, महाविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े युवाओं से ’’25 सितंबर 2026 की अंतिम तिथि से पूर्व अधिक से अधिक संख्या में विकसित भारत क्विज में सहभागिता’’ करने का आह्वान किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *