
हुगली, 03 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। बकरी चोरी का खुलासा करने के कारण एक युवक की हत्या के मामले में चुचुड़ा अदालत ने दो आरोपियों को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। यह घटना चुचुड़ा थाना के नंदी मैदान इलाके में 12 जुलाई 2021 को हुई थी, जहां तापन मलिक की हत्या कर दी गई थी।
जानकारी के अनुसार, कुछ युवकों ने बकरी चोरी कर उसे पिकनिक में इस्तेमाल किया था। जब तपन मल्लिक को इसकी जानकारी मिली तो उसने bकरी के मालिक को घटना की सूचना दी। इस मामले से नाराज होकर अनूपम दास और अरुण पासवान ने तपन को सड़क पर रोककर बेरहमी से पिटाई की। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर तपन को उनके चंगुल से छुड़ाकर घर भेज दिया था।
मृतक की मां रीता मल्लिक के अनुसार, उसी रात तपन अपनी दादी के साथ घर पर था। देर रात आरोपित फिर से उनके घर पहुंचे और जबरन तपन को उठा ले गए। अगली सुबह, 13 जुलाई 2021 को उसका शव नंदी मैदान इलाके से बरामद किया गया।
तपन की मां ने चुचुड़ा थाने में पुचि दास, बिट्टू दास, अनूपम दास और अरुण दास के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और जांच पूरी होने के बाद आठ अक्टूबर 2021 को चार्जशीट दाखिल की।
चुचुड़ा अदालत के सरकारी वकील शंकर गांगुली ने बताया कि मामले में कुल 16 गवाहों की सूची थी, जिनमें से 14 ने अदालत में घटना के पक्ष में गवाही दी। हालांकि, चार आरोपितों में से दो के खिलाफ आरोप साबित नहीं हो सके, जिसके चलते अदालत ने उन्हें बरी कर दिया।
मंगलवार को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश रिंटू सुर ने शेष दो आरोपितों अनूपम दास और अरुण पासवान को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास और 20 हजार रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई। जुर्माना अदा न करने पर उन्हें छह महीने का अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगतना होगा।
