Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

(अपडेट) उत्तराखंड के कालसी में एचआरटीसी बस हादसा, तीन यात्रियों की मौत

देहरादून, 03 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। उत्तराखंड के देहरादून जिले के कालसी क्षेत्र में मंगलवार सुबह हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की एक बस अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में तीन यात्रियों की मौके पर मृत्यु हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और शोक का माहौल छा गया।

पुलिस के अनुसार, यह बस हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले की चौपाल उपमंडल स्थित नेरवा से सिरमौर जिले के पांवटा साहिब जा रही थी। बस में चालक और परिचालक सहित कुल 36 यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि बस एक अन्य वाहन को साइड देते समय संतुलन खो बैठी, जिसके परिणामस्वरूप यह सड़क से फिसलकर खाई में जा गिरी।

हादसे की सूचना मिलते ही थाना कालसी पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। खाई की गहराई अधिक होने के कारण बचाव कार्य में काफी मशक्कत करनी पड़ी। टीमों ने घायलों को खाई से बाहर निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पतालों में भेजा।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, इस दुर्घटना में 03 यात्रियों की मृत्यु हो गई है। वहीं, 06 घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि 03 यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। इनमें से गंभीर रूप से घायल दिनेश कुमार का इलाज देहरादून स्थित ग्राफिक एरा अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान यासमीन बेगम (46 वर्ष), रिचा (30 वर्ष) और धन बहादुर के रूप में हुई है। तीनों मृतक हिमाचल प्रदेश के नेरवा क्षेत्र के निवासी थे।

पुलिस प्रशासन की ओर से दुर्घटना के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही हादसे के वास्तविक कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना का कारण सड़क की संकरी स्थिति और संतुलन बिगड़ना माना जा रहा है, हालाँकि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

जैसे ही हादसे की जानकारी मिली, मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *