Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

केंद्रीय बजट: बेरोजगारी में कमी और साझा विकास की दिशा में एक कदम आगे

भोपाल, 03 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 देश में घटती बेरोजगारी और केंद्र-राज्‍य की साझा विकास दृष्टि के लिए महत्वपूर्ण है। प्रदेश में बेरोजगारी की दर घटकर केवल 1.5 प्रतिशत रह गई है, जो प्रदेश की आर्थिक सेहत को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि यह दर संकेत देती है कि राज्य में रोजगार सृजन की दिशा में तेजी से सुधार हो रहा है। उन्होंने बताया कि यह उपलब्धि केंद्र और राज्य सरकार की समन्वित नीतियों, निवेश-अनुकूल वातावरण और उद्योगों के विस्तार का परिणाम है।

मुख्यमंत्री ने बजट को “एक आत्मा, एक लक्ष्य” के सिद्धांत पर आधारित बताया और इसे कागजी दस्तावेज न मानकर भविष्य का ठोस रोडमैप करार दिया, जो निवेशकों का विश्वास बढ़ाने और आर्थिक स्थिरता सुनिश्चित करने में समर्थ है। उन्होंने कहा कि वैश्विक परिप्रेक्ष्य में इस बजट के लिए जो प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं, वे इसके प्रभाव को दर्शाती हैं।

सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट में गरीबों, युवाओं, अन्नदाताओं, और महिलाओं पर विशेष ध्यान देने की बात की गई है। 5 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों के विकास के लिए अगले 5 वर्षों में 5000 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रावधान किया गया है, जिससे शहरी बुनियादी ढांचे और रोजगार के अवसरों को मजबूती मिलेगी।

महिलाओं और स्वास्थ्य के लिए बजट में विशेष प्रावधान किए गए हैं। हर जिले में एक महिला छात्रावास का निर्माण और जिला अस्पतालों के उन्नयन से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा। इसके अलावा, बजट में रिसर्च एंड डेवलपमेंट और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के अधिकतम उपयोग को भी प्राथमिकता दी गई है, जिससे ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने वस्त्र उद्योग में सुधारों की आवश्यकता पर जोर दिया और बताया कि पीएम मित्र टेक्सटाइल पार्क के तहत लगभग 3 लाख लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। उन्होंने MSME सेक्टर को बजट का बड़ा लाभार्थी बताया, जिसके परिणामस्वरूप प्रदेश की जीडीपी में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि केंद्रीय बजट और आगामी मध्य प्रदेश बजट राज्य को आर्थिक सशक्तिकरण, रोजगार सृजन और सामाजिक संतुलन की दिशा में सहायक सिद्ध होंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने इसे आने वाले 10 वर्षों के लिए भारत की विकास दिशा तय करने वाला बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *