
कोलकाता, 03 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आज सुबह पश्चिम बंगाल और दिल्ली में कोयला तस्करी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में एक साथ बड़ी कार्रवाई की। कुल नौ ठिकानों पर ईडी की टीमों ने तलाशी अभियान शुरू किया, जिसमें कोलकाता, दुर्गापुर, आसनसोल, बर्धमान और दिल्ली शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार, इस छापेमारी का उद्देश्य यह पता लगाना है कि कोयला तस्करी से अर्जित काले धन को हवाला के जरिए कहां और कैसे भेजा गया। दुर्गापुर में, ईडी ने विभिन्न स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। सुबह करीब छह बजे सेपको टाउनशिप में बालू कारोबारी प्रवीर दत्त के आवास पर ईडी की टीम पहुंची। इसके अलावा, सिटी सेंटर इलाके के अंबेडकर सरणी स्थित एक मकान और पांडवेश्वर एवं कांकसा थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के बाइपास के निकट एक अन्य आवास पर भी तलाशी ली गई। इन सभी स्थानों को बालू कारोबार से जोड़ा गया है।
जांच एजेंसी के अनुसार, ये कारोबारी अजय और दामोदर नदियों से बालू निकालकर राज्य के विभिन्न हिस्सों में सप्लाई करते थे। उन पर आरोप है कि वे वैध टेंडर के जरिए अधिकृत बालू घाटों से खनन करने के साथ-साथ अवैध तरीके से भी बालू निकालते थे। इसके अलावा, बालू के चालान में हेराफेरी और एक ही चालान का कई बार उपयोग करने के आरोप भी लगे हैं।
ईडी को संदेह है कि बीरभूम जिले के बालू के चालान के माध्यम से पश्चिम बर्धमान जिले में बालू की अवैध आपूर्ति की जाती थी। आरोपितों पर यह भी आरोप है कि उन्होंने इसी अवैध कारोबार के जरिए बड़ी मात्रा में संपत्ति अर्जित की है। फिलहाल, सभी ठिकानों पर दस्तावेजों की जांच और तलाशी का कार्य जारी है।
