
बाराबंकी, 03 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जनपद के नगर कोतवाली क्षेत्र के गदिया गाँव के पास तिंदोला माइनर के किनारे ग्रामीणों ने मंगलवार की सुबह एक महिला का शव देखा। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक महिला के शव के पास एक खून से सनी ईंट पड़ी मिली है, जिससे उसकी हत्या उसी से कूचकर किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
क्षेत्राधिकारी संगम कुमार ने बताया कि मृतका ने जींस और शर्ट पहनी हुई थी, और उसके गले का मंगलसूत्र उसके पेट के पास पड़ा मिला। हाथ पर ‘गंगाराम’ नाम गुदा हुआ है, जिससे उसकी पहचान भारतीय किसान यूनियन (अवध राजू गुप्ता गुट) की महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सुनीता (40) के रूप में हुई। पहचान होते ही पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। मृतक के परिजन, स्थानीय लोग और संगठन के पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ मौके से अहम साक्ष्य एकत्र किए और शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।
सीओ ने बताया कि मृतका के भाई राजकुमार ने बताया कि सुनीता मूल रूप से रामसनेहीघाट थाना क्षेत्र के बाबा का पुरवा गांव की निवासी थी। उसकी शादी असंद्रा थाना क्षेत्र के अशरफपुर गांव निवासी गंगाराम से हुई थी। पति गंगाराम चार बच्चों के साथ बीते चार वर्षों से ऋषिकेश में रह रहा है। सुनीता पिछले करीब दो वर्षों से नगर कोतवाली क्षेत्र के गदिया गांव में किराए के कमरे में अकेली रह रही थी।
परिजनों के अनुसार, वर्ष 2022 में भी सुनीता का गला रेतकर हत्या का प्रयास किया गया था, जिस पर जहांगीराबाद थाने में मुकदमा दर्ज है। उस मामले में आरोपितों से सुनीता का लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। जांच के दौरान पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज भी मिला है।
सीओ संगम कुमार ने कहा कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है, और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
