Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

अंतर जिला चोर गिरोह के पांच सदस्यों की गिरफ्तारी, दो महिलाएं भी शामिल

अररिया, 02 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। बिहार के अररिया जिले के फारबिसगंज अनुमंडल क्षेत्र में बंद घरों में हो रही लगातार चोरी की वारदातों के पीछे सक्रिय एक गिरोह का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं।

गिरोह के सदस्य बंद घरों का रेकी कर चोरी करने का काम करते थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों से स्वर्णाभूषण, नगद भारतीय और नेपाली करेंसी के अलावा चोरी के लिए प्रयुक्त विभिन्न उपकरण भी बरामद किए गए हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए एसपी जितेन्द्र कुमार ने सोमवार को अपने कार्यालय में एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया।

पुलिस ने गिरोह के सदस्यों में राजा चौधरी (28 वर्ष), मो. बुचो (28 वर्ष), मकिना खातून (30 वर्ष), बसंती देवी (35 वर्ष) और शशि पासवान (27 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ विभिन्न अपराधों के मामले दर्ज हैं।

गिरोह का खुलासा करने के लिए फारबिसगंज एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी अनुसंधान और सूचना संकलन के जरिए इनकी पहचान की गई। चोरों ने पुलिस को बताया कि यह संगठित गिरोह पहले घरों की रेकी करता है, उसके बाद चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है।

एसपी ने कहा कि इस गिरोह की वजह से जिले के कई थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं में संलिप्तता का खुलासा हुआ है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार गिरोह के पास से एक चांदी का पायल, सोने की सिकड़ी, कान की बाली, मोबाइल फोन, और नगद रुपये बरामद किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ पहले ही अपराध के कई मामले दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *