Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

घर-घर नल कनेक्शन, पाइपलाइन की कमी से पेयजल संकट

धमतरी, 02 फ़रवरी (प्रेस ब्यूरो)। ग्राम पंचायत मथुराडीह के ग्रामीण सोमवार को पेयजल की समस्या को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन विस्तार कर नल कनेक्शन से जोड़ने की मांग को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। घर-घर नल कनेक्शन तो लगा दिया गया है, लेकिन पानी नहीं पहुंच रहा है, जिससे ग्रामीणों की प्यास नहीं बुझ पा रही है। फरवरी माह की शुरुआत के साथ ही, पेयजल की किल्लत और गहराने की आशंका बढ़ गई है, ऐसे में ग्रामीणों ने शीघ्र उचित व्यवस्था की मांग शासन-प्रशासन से की है।

जिला मुख्यालय धमतरी से लगे ग्राम मथुराडीह के ग्रामीण पवन कुमार सेन, निर्मला देवांगन एवं देवकुमारी कंवर ने बताया कि स्कूलपारा के वार्ड नंबर एक और दो में जल जीवन मिशन के तहत अब तक पाइपलाइन नहीं बिछाई गई है। पाइपलाइन बिछाए बिना ही हर घर में पक्का नल कनेक्शन बना दिया गया है। पिछले तीन वर्षों से नल लगे होने के बावजूद पाइपलाइन से कनेक्शन न होने कारण घरों में पानी नहीं पहुंच रहा है। घरों में पानी की कमी के कारण ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, और उन्हें लगभग एक किलोमीटर दूर जाकर हैंडपंप से पानी लाना पड़ रहा है। इस संबंध में पंचायत को जानकारी देने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है।

आगामी गर्मी सीजन में वार्डवासियों की समस्या और बढ़ने की आशंका है। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से तत्काल पेयजल समस्या के स्थायी समाधान करने की मांग की है। ग्रामीण मोतिम नेताम, टिकेश्वरी सेन, कुलेश्वरी नेताम, कृष्णा नेताम सहित अन्य ग्रामीणों का कहना है कि बिना पाइपलाइन बिछाए घर-घर नल कनेक्शन किस आधार पर लगाया गया है, यह जांच का विषय है। ऐसा पहली बार देखने को मिल रहा है कि बिना पाइपलाइन बिछाए कनेक्शन लगा दिया गया है। ऐसा करके ग्रामीणों को केवल बेवकूफ बनाने का काम किया गया है, जो उचित नहीं है। ग्रामीणों ने इस मामले में शासन-प्रशासन से जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। उल्लेखनीय है कि इस क्षेत्र में गर्मी की शुरुआत के साथ ही पेयजल संकट गहरा जाता है और ग्रामीणों को पेयजल के लिए भटकना पड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *