
यमुनानगर, 02 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। यमुनानगर जिले के दुर्गा गार्डन क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए एक निजी क्लिनिक पर छापा मारा। यह कार्रवाई पीएनडीटी टीम और ड्रग कंट्रोल विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई। जांच के दौरान क्लिनिक से बड़ी मात्रा में एलोपैथिक दवाएं और इंजेक्शन बरामद किए गए, जिनके संबंध में कोई वैध लाइसेंस, बिल अथवा अधिकृत दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, संबंधित क्षेत्र में पूर्व में एक भ्रूण मिलने की सूचना के बाद से विभाग लगातार निगरानी और जांच अभियान चला रहा था। इसी दौरान बिना अनुमति क्लिनिक संचालन और संदिग्ध गतिविधियों को लेकर शिकायतें सामने आ रही थी। इन सूचनाओं के आधार पर विभाग ने नियोजित तरीके से जांच कराई। जांच टीम ने कार्रवाई से पहले क्षेत्र में कुछ केमिस्ट दुकानों का भी निरीक्षण किया। इसके बाद जब टीम संबंधित क्लिनिक पर पहुंची, तो वहां अवैध रूप से संग्रहित अंग्रेजी दवाएं और इंजेक्शन पाए गए।
पूछताछ के दौरान क्लिनिक संचालक दवाओं की खरीद, भंडारण और उपयोग से जुड़े किसी भी प्रकार के वैध रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं करा सका। ड्रग कंट्रोल विभाग ने बताया कि क्लिनिक पर दवाओं के भंडारण और उपयोग के लिए आवश्यक लाइसेंस नहीं था। इसके अलावा स्टॉक रजिस्टर का संधारण भी नहीं किया गया था, जो औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत गंभीर उल्लंघन माना जाता है। नियमों की अनदेखी से मरीजों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।
कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से छह दवाओं के नमूने लेकर जांच के लिए अधिकृत प्रयोगशाला भेज दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि जिले में अवैध रूप से क्लिनिक संचालन और बिना लाइसेंस दवाओं का भंडारण किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
