Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

एशियन चैंपियनशिप राइफल-पिस्टल का दिल्ली में उद्घाटन, निशानेबाजी में लौटी जीवंतता

नई दिल्ली, 02 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज़ी की रौनक लौट आई है। एशियन चैंपियनशिप राइफल-पिस्टल का औपचारिक आगाज प्रतिभागी टीमों के आगमन के साथ हो चुका है। एशिया की इस प्रतिष्ठित महाद्वीपीय प्रतियोगिता की शुरुआत बुधवार, 4 फ़रवरी से होगी, जबकि 13 फ़रवरी को अंतिम पदक मुकाबले खेले जाएंगे। यह प्रतियोगिता कुल 10 दिनों तक चलेगी।

इस चैंपियनशिप में मेज़बान भारत सहित 20 देशों के 311 निशानेबाज़ हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता सीनियर और जूनियर वर्गों में आयोजित की जा रही है, जिसमें कुल 30 पदक स्पर्धाएं होंगी। इसके साथ ही यूथ श्रेणी की प्रतिस्पर्धाएं भी समानांतर रूप से आयोजित की जाएंगी।

मेज़बान भारत ने प्रतियोगिता में 118 एथलीटों के साथ सबसे बड़ा दल उतारा है। कज़ाख़स्तान 35 खिलाड़ियों के साथ दूसरा सबसे बड़ा दल लेकर पहुंचा है। एशियाई निशानेबाज़ी की मजबूत ताक़त माने जाने वाले कोरिया, ईरान और जापान ने भी संतुलित और अनुभवी टीमें भेजी हैं। इसके अलावा चीनी ताइपे, वियतनाम और हांगकांग के निशानेबाज़ों से भी प्रभावशाली प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

प्रतियोगिता से पहले नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई) के महासचिव पवनकुमार सिंह ने इस आयोजन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, “यह वर्ष भारतीय और एशियाई निशानेबाज़ों दोनों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। साल के दूसरे हिस्से में एशियन गेम्स और वर्ल्ड चैंपियनशिप जैसे बड़े आयोजन होने हैं, जिनमें वर्ल्ड चैंपियनशिप से लॉस एंजेलिस ओलंपिक के लिए कोटा स्थान भी मिलेंगे। ऐसे में यह प्रतियोगिता अंतरराष्ट्रीय सीज़न की शुरुआत का संकेत है और खिलाड़ियों को अपने प्रदर्शन का प्रारंभिक मूल्यांकन करने का अवसर देगी। हम सभी विदेशी टीमों का स्वागत करते हैं और उनके भारत प्रवास को सुखद बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि खेल प्राधिकरण, खेल मंत्रालय और भारत सरकार तथा उससे जुड़ी एजेंसियों के सहयोग से एनआरएआई ने आयोजन को विश्व-स्तरीय मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किया है।

कार्यक्रम के अनुसार, मंगलवार को आधिकारिक प्री-इवेंट प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। प्रतियोगिता के पहले दिन बुधवार (4 फ़रवरी) को चार प्रमुख फ़ाइनल मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें पुरुष और महिला 10 मीटर एयर पिस्टल, जूनियर पुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल और यूथ पुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल फ़ाइनल शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *