
कोड़ागांव, 02 फ़रवरी (प्रेस ब्यूरो)। जिले के नगरपालिका क्षेत्र अंतर्गत सुभाष वार्ड में वन विभाग कॉलोनी के क्वार्टर कंडम हो चुके हैं। इस संबंध में नए निर्माण पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। सुभाष वार्ड के पार्षद विकास अंभोरे ने वन विभाग की जमीन नगर पालिका को आबंटित करने की मांग की है, और नगर पालिका परिषद में यह प्रस्ताव पारित हो चुका है।
पार्षद अंभोरे का कहना है कि वार्ड में नजूल भूमि नहीं है। जो थोड़ी नजूल भूमि थी, उसमें अतिक्रमण हो चुका है। सुभाष वार्ड में आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 1 सड़क किनारे किराए के भवन में संचालित हो रहा है, जिसका आकार छोटा है और बाथरूम जैसी सुविधाएं भी नहीं हैं। आंगनबाड़ी भवन के लिए 17 लाख रुपये एक साल पहले स्वीकृत हो चुके हैं, लेकिन निर्माण नहीं हो पा रहा है।
इसी तरह, उपस्वास्थ्य केंद्र भी खुलने की राह देख रहा है, लेकिन जगह की कमी के कारण यह भी संभव नहीं हो सकता है। राशन दुकान एक छोटे भवन में बाजार के अंदर संचालित हो रही है, जबकि राशन दुकान के लिए नया भवन बनाना आवश्यक हो गया है। सामुदायिक भवन के लिए भी वार्ड में जगह की कमी के चलते निर्माण नहीं हो पा रहा है।
पार्षद विकास अंभोरे ने कहा है कि नजूल भूमि की कमी के कारण आंगनबाड़ी, उपस्वास्थ्य केंद्र, राशन दुकान और अन्य सरकारी भवन नहीं बन पा रहे हैं। उन्होंने वन विभाग को आवेदन देकर कंडम क्वार्टरों वाली जगह पर सरकारी भवनों के निर्माण के लिए प्रशासन से अनुरोध किया है। नगर पालिका परिषद का यह प्रस्ताव भी पहले से ही पारित हो चुका है।
