Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

ओलावृष्टि के कारण फसल क्षति का त्वरित आकलन करने के निर्देश

मंदसौर, 02 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। मध्‍य प्रदेश के मंदसौर कलेक्टर अदिती गर्ग की अध्यक्षता में सुशासन भवन में आयोजित साप्ताहिक अंतरविभागीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में जिले में ओलावृष्टि, समग्र विकास, कृषि सुदृढ़ीकरण और जनकल्याण से जुड़ी महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल, सीईओ जिला पंचायत अनुकूल जैन सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर ने मल्हारगढ़ क्षेत्र में हुई ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों का त्वरित आकलन कर कृषि एवं राजस्व विभाग को रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को समय पर सहायता मिल सके। वर्ष 2026 को कृषि वर्ष घोषित किए जाने के मद्देनजर कृषि विभाग को वार्षिक कार्ययोजना का कैलेंडर तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में फसलों के विपणन, निर्यात, उत्पादन गुणवत्ता, प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा, माइक्रो इरिगेशन और दुग्ध उत्पादकों को जैविक प्रणाली से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया गया। साथ ही, रबी विपणन के तहत गेहूं उपार्जन की तैयारियों को समय पर पूरा करने की बात कही गई। जनस्वास्थ्य और स्वच्छता के क्षेत्र में कलेक्टर ने सभी नगर परिषद सीएमओ को पानी की गुणवत्ता की टेस्टिंग रिपोर्ट प्रस्तुत करने, नियमित सफाई सुनिश्चित करने और जल जीवन मिशन के अंतर्गत पाइपलाइन तथा जलस्रोतों की निरंतर सफाई के निर्देश दिए। जनपद सीईओ को ग्राम पंचायत स्तर पर जलस्रोतों की पहचान कर सूची तैयार करने को भी कहा गया।

शिक्षा विभाग को महिला शौचालय रहित शासकीय विद्यालयों की सूची प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत सभी विभागों को नियमित शिविर लगाकर योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने का भी निर्देश दिया गया। सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के संतोषजनक समाधान और समय पर निराकरण पर भी विशेष जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *