
धमतरी, 02 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। कुरुद ब्लाक के ग्राम परखंदा के अंतरराष्ट्रीय बाल बैडमिंटन खिलाड़ी नरेंद्र कुमार उत्कृष्ट खेल प्रमाण पत्र बनाने के लिए शासकीय कार्यालयों में चक्कर लगा रहे हैं। खेल और श्रम विभाग से सहयोग न मिलने के कारण सोमवार को उन्होंने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा से मुलाकात की और अपनी समस्या से अवगत कराया तथा ज्ञापन सौंपा।
नरेंद्र कुमार ने बताया कि उनके पिता श्रमिक हैं और घर की आर्थिक स्थिति काफी खराब है। वे जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और ग्रामीणों के सहयोग से खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने 1 से 5 जनवरी तक आयोजित इंडो नेपाल बाल बैडमिंटन टेस्ट सीरीज में भारतीय पुरुष टीम की ओर से भाग लेकर गोल्ड मेडल जीता है। वे कक्षा पांचवीं से बाल बैडमिंटन खेल रहे हैं और 10 राष्ट्रीय तथा 25 राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर पदक जीते हैं। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा निर्माण श्रमिकों के लिए खेल प्रोत्साहन योजना संचालित की गई है, जिसमें राष्ट्रीय खिलाड़ियों को 50000 रुपये की राशि मिलती है। इसके लिए आवेदन करने के लिए श्रम विभाग द्वारा उत्कृष्ट खेल प्रमाण पत्र की आवश्यकता है।
इसलिए, उन्होंने एक माह पहले खेल विभाग में आवेदन देकर प्रमाण पत्र प्रदान करने की मांग की थी, लेकिन आज तक उन्हें प्रमाण पत्र नहीं दिया गया है। खेल विभाग ने 2024 और 2025 में खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खेल प्रमाण पत्र प्रदान किया है, लेकिन अब प्रमाण पत्र जारी करने के लिए उनसे घूमने को कहा जा रहा है। उन्होंने अपनी समस्याओं को लेकर कलेक्टर से मिलकर प्रमाण पत्र प्रदान करने की आश्वासन प्राप्त किया है।
