Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

यमुनानगर में डंपर की टक्कर से बाइक सवार दंपति व बच्चे की दर्दनाक मौत

यमुनानगर, 02 फ़रवरी (प्रेस ब्यूरो)। यमुनानगर में सोमवार को ओल्ड सहारनपुर रोड पर हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे परिवार को उजाड़ दिया। तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से bike सवार दंपति और उनके चार वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाली महिला गर्भवती थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दंपति अपने बेटे के साथ bike पर सवार होकर जा रहे थे। जैसे ही वे पांसरा फाटक के पास पहुंचे तो पीछे से आए डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े और डंपर चालक उन्हें कुचलते हुए मौके से फरार हो गया। कुछ ही क्षणों में घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस के माध्यम से तीनों को सिविल अस्पताल यमुनानगर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में भिजवा दिया है। क्षतिग्रस्त बाइक को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान सचिन (29), नेहा (27) और उनके चार वर्षीय बेटे के रूप में हुई है।

तीनों मूल रूप से हरिद्वार (उत्तराखंड) के रहने वाले थे, जबकि परिवार हाल ही में यमुनानगर में रह रहा था। सचिन कपड़ों के कारोबार से जुड़ा हुआ था। हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां माहौल गमगीन हो गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में परिवार की सात वर्षीय बेटी अनाथ हो गई है, जो घटना के समय अपने रिश्तेदारों के पास थी। सदर थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फरार डंपर चालक की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *