
अंबिकापुर, 02 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में भारतीय जनता पार्टी के नए कार्यालय के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। इस कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष कiran सिंह देव, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल, वित्त मंत्री ओपी चौधरी एवं संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा सरगुजा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने की।

कार्यक्रम स्थल पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, जोरदार नारों और पारंपरिक शैला नृत्य के साथ अतिथियों का स्वागत किया। 26 विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत भूमि पूजन एवं शिलान्यास सम्पन्न हुआ, जिससे वातावरण भक्तिमय और उत्सवपूर्ण बन गया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने के लिए भाजपा को निरंतर और संगठित प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए कार्यालय का विस्तार आवश्यक है और सरगुजा भाजपा का यह नया कार्यालय कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।

कiran सिंह देव ने पार्टी के पितृपुरुषों को नमन करते हुए कहा कि सरगुजा संभाग में भाजपा ने पंच से लेकर सांसद तक के चुनावों में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। उन्होंने कर्मठ और समर्पित कार्यकर्ताओं की सराहना की और कहा कि बढ़ते जनाधार के कारण बड़े कार्यालय की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी, जिसे आज भूमि पूजन के साथ साकार किया जा रहा है।

क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल ने कहा कि सरगुजा ने विधानसभा चुनाव में 14 की 14 सीटें भाजपा को देकर न केवल इतिहास रचा बल्कि छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनाने में भी निर्णायक भूमिका निभाई। उन्होंने विश्वास जताया कि सरगुजा के कार्यकर्ता भविष्य में भी इस कीर्तिमान को कायम रखेंगे।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पंचायत से संसद तक भाजपा को मजबूत बने रहना होगा। इसके लिए संगठनात्मक स्तर पर बड़े और सशक्त ढांचे की आवश्यकता है, जिसमें नया कार्यालय महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। वहीं संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि भाजपा की असली ताकत उसके कार्यकर्ताओं में निहित है और बढ़ती संगठनात्मक शक्ति के अनुरूप नया कार्यालय अत्यंत आवश्यक था।

भाजपा सरगुजा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने संगठन की संघर्षपूर्ण यात्रा को याद करते हुए कहा कि भाजपा ने भट्ठी रोड स्थित छोटे से कार्यालय से अपनी शुरुआत की थी और समय के साथ संकल्प भवन के रूप में स्थायी कार्यालय स्थापित किया गया। पंचायत, नगरीय निकाय, विधानसभा और लोकसभा चुनावों में ऐतिहासिक सफलता के बाद अब संगठन को और विस्तृत कार्यालय की आवश्यकता थी। उन्होंने कहा कि नया भवन न केवल कार्यकर्ताओं बल्कि आम जनता की उम्मीदों को भी पूरा करेगा।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री विनोद हर्ष एवं अरुणा सिंह ने संयुक्त रूप से किया। भूमि पूजन कार्यक्रम में लक्ष्मी राजवाड़े मंत्री छत्तीसगढ़ शासन, अखिलेश सोनी प्रदेश महामंत्री, राम गर्ग प्रदेश कोषाध्यक्ष, सुनील गुप्ता जिला सह प्रभारी, विधायक प्रबोध मिंज, रामकुमार टोप्पो, अनुराग सिंह देव, रामसेवक पैकरा, विश्व विजय सिंह तोमर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ भाजपा नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व आमजन उपस्थित रहे।
