Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

ब्राउन शुगर और हथियार के साथ पांच तस्करों को पुलिस ने पकड़ा

रांची, 01 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने शनिवार को हथियार और नशीले पदार्थों के साथ पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपितों में हिमांशु यादव उर्फ लालू, अनिकेत पाठक, निहाल पाण्डेय, नीरज कुमार उर्फ भोलू और राहुल बड़ाईक शामिल हैं। इनके पास से पुलिस ने एक मेड इन यूएसए निर्मित देशी पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस, 34 पुड़िया ब्राउन शुगर, चार मोबाइल, 40 हजार नकद रुपये, एक स्कूटी और एक बुलेट बाइक बरामद की है।
सिटी एसपी ने एक प्रेस वार्ता में बताया कि एसएसपी को दोपहर करीब 1:15 बजे सूचना मिली थी कि चूड़ी सेंटर गली, बाबा अस्पताल के सामने स्थित हिमांशु यादव के घर पर कुछ अपराधियों ने किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बनाई है। सूचना मिलते ही एक छापेमारी दल का गठन किया गया।
जब पुलिस ने हिमांशु यादव के घर की घेराबंदी की, तो अपराधियों ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके से पांच युवकों को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य अपराधी गलियों का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। पुलिस जांच में पता चला कि मुख्य आरोपित हिमांशु यादव पहले भी हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तीन अलग-अलग मामलों में शामिल रहा है।
एसएसपी राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सिटी एसपी पारस राणा और कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोए की अगुवाई में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *