
सोलन, 31 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के भूड़ इलाके में शनिवार को दिन-दिहाड़े गोलियां चलाकर एक व्यवसायी को घायल कर दिया गया। इस हमले का शिकार राज खान नामक ऑफिस के मालिक बने हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अज्ञात हमलावरों ने राज खान के घर के बाहर फायरिंग की और तत्क्षण मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जिससे स्थानीय लोग दहशत में हैं।
बद्दी थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर पूरे इलाके को घेर लिया है। हमले के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
इस हमले में घायल राज खान ने बताया कि जब वह अपने कार्यालय की छत पर नमाज पढ़ रहा था, तभी तीन नकाबपोश व्यक्ति उसके पास आए और उसका नाम पूछते ही उस पर डंडों से हमला कर दिया। एक हमलावर ने उस पर गोली चलाई जो उसकी टांग से होकर दीवार पर जाकर लगी।
एडिशनल एसपी बद्दी अशोक वर्मा ने बताया कि राज मोहम्मद खान, निवासी गाँव हांडाकुण्डी, डाकघर मानपुरा द्वारा पुलिस थाना बद्दी में शिकायत दर्ज करवाई। उन्होंने बताया कि शनिवार दोपहर करीब 2 बजे जब वह अपने घर की छत पर नमाज़ अदा कर रहा था, तभी बगैर नंबर प्लेट की बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात व्यक्ति उसके पास आए और उसके तथा उसके बहनोई रफीक के साथ मारपीट की, एक व्यक्ति ने उन्हें एक पिस्टल जैसी चीज दिखाई और फायरिंग कर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है और मामले में आगामी कार्रवाई जारी है।
पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान और उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय योगराज चंदेल ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया और अन्वेषणाधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक बद्दी ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा तथा उनके विरुद्ध सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
