
बरेली, 01 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। जिले की बारादरी पुलिस ने शनिवार को हिस्ट्रीशीटर सुभान उर्फ चूरन को पीलीभीत बाइपास से गिरफ्तार किया है। वह 26 सितंबर 2025 को शहर में हुए बवाल और पुलिस पर फायरिंग का मास्टरमाइंड है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी धनंजय पांडे ने बताया कि, कोतवाली क्षेत्र के किशोर बाजार निवासी सुभान ने पूछताछ में बताया कि 25 सितंबर को पार्षद अनीस सकलैनी और मौलाना तौकीर के अन्य साथियों ने उसे बुलाया था। उसे धर्म का हवाला देते हुए बवाल की साजिश में शामिल किया गया। निर्देश दिया गया था कि 26 सितंबर को इस्लामिया ग्राउंड में पुलिस को घुसने न दिया जाए। उसे छोटे-छोटे लड़कों को अलग-अलग समूहों में लेकर प्रदर्शन कराने की जिम्मेदारी दी गई थी। पुलिस के रोकने पर फायरिंग करने के आदेश भी मिले थे। सुभान के अनुसार, अनीस सकलैनी ने उसे तमंचा उपलब्ध कराया था, जिससे उसने पुलिस पर फायरिंग की।
पुलिस ने बताया कि आरोपित 27 जनवरी को स्पर्श रिसोर्ट के पास हुई मारपीट की घटना में भी शामिल था और वारदात के बाद फरार हो गया था। थाना प्रभारी धनंजय पांडे ने बताया कि आरोपित की लंबे समय से तलाश की जा रही थी। उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जा रहा है।
