Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

रायपुर में ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, छह आरोपित गिरफ्तार, 37 लाख रुपये से अधिक नकद बरामद

रायपुर, 01 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए जिला गंज पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने शनिवार को छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से 37 लाख 50 हजार रुपये नकद, 10 मोबाइल फोन और 3 महंगी चारपहिया गाड़ियां जब्त की गई हैं। जब्त की गई सम्पत्ति की कुल कीमत लगभग 92.50 लाख रुपये बताई गई है।

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले के निर्देशन में की गई। पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) उमेश प्रसाद गुप्ता द्वारा इस कार्रवाई पर लगातार निगरानी रखी गई।

31 जनवरी को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली कि गंज पुलिस थाना क्षेत्र के नागोराव गली अंडर ब्रिज के पास कुछ लोग चारपहिया वाहनों में बैठकर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने तीन अलग-अलग कारों से छह आरोपितों को पकड़ा।

जांच में यह पता चला कि आरोपित runwin777.com और classic777.com जैसी ऑनलाइन बैटिंग साइटों के जरिए मास्टर आईडी बनाकर आईडी बांटते थे और कमीशन के आधार पर सट्टा खिलवाते थे।

पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी रखब देव पाहुजा और पीयूष जैन मास्टर आईडी उपलब्ध कराते थे, जबकि अन्य आरोपित इन आईडी के माध्यम से ग्राहकों को ऑनलाइन सट्टा खेलने के लिए आईडी देते थे। इस नेटवर्क के तार महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। इसके साथ ही म्यूल बैंक अकाउंट और हवाला ट्रांजेक्शन से जुड़े साक्ष्य भी प्राप्त हुए हैं, जिन्हें लेकर आगे वित्तीय जांच की जाएगी।

गिरफ्तार आरोपितों में रखब देव पाहुजा (46) निवासी भिलाई, पीयूष जैन (26) निवासी रायपुर, जितेंद्र कुमार कृपलानी उर्फ जित्तू (33) निवासी रायपुर, दीपक अग्रवाल (40) निवासी बिलासपुर, कमल राघवानी (32) निवासी रायपुर और सचिन जैन (49) निवासी रायपुर शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि इनमें से कुछ आरोपित पहले भी जुआ-सट्टा मामलों में जेल जा चुके हैं।

आरोपितों के खिलाफ थाना गंज में अपराध क्रमांक 30/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 एवं 112(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन सट्टा खेलने वाले ग्राहकों के खिलाफ भी जल्द वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *