Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

(अपडेट) झाबुआ: एलपीजी टैंकर पलटने से टली संभावित आपदा

झाबुआ, 31 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। मध्य प्रदेश के झाबुआ जिला मुख्यालय से 5 किलोमीटर दूर फूलमाल में एलपीजी से भरे टैंकर के पलटने पर कलेक्टर एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण अध्यक्ष के निर्देशन में जिला आपदा प्रबंधन योजना के अंतर्गत तत्परता, सुरक्षा और नियंत्रण उपायों की शुरुआत की गई, जिसके फलस्वरूप संभावित आपदा बिना किसी जनहानि के सफलतापूर्वक टल गई।

यह महत्वपूर्ण है कि इस ऑपरेशन में पुलिस, एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस, गेल इंडिया लिमिटेड, और नगर पालिका की फायर टीम के समन्वित प्रयासों से कार्य सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

आपदा की गंभीरता को देखते हुए राजस्व विभाग, एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस, पुलिस, गेल इंडिया लिमिटेड, और नगर पालिका की फायर टीम सहित अन्य संबंधित विभागों की टीमें तुर्कित रूप से घटनास्थल पर पहुंची। घटना के बाद एहतियातन फूलमाल चौराहे के आस-पास 800 मीटर की परिधि को संवेदनशील क्षेत्र घोषित किया गया, और क्षेत्र की दुकानों तथा घरों में गैस चूल्हे और विद्युत आपूर्ति को तुरंत बंद कर दिया गया, साथ ही संभावित जनहानि को रोकने के लिए यातायात को पूर्णतः नियंत्रित करते हुए रूट डायवर्जन किया गया।

दोपहर में इंदौर से एचपीसीएल की विशेषज्ञ तकनीकी टीम के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद, जिला आपदा प्रबंधन टीम के समन्वय से पूरे आवागमन को बंद करके क्रेन की सहायता से एलपीजी टैंकर को सुरक्षित रूप से सीधा किया गया। पूरे ऑपरेशन के दौरान गैस रिसाव, आग लगने या विस्फोट की किसी भी आशंका को नियंत्रित किया गया।

इस अभियान के दौरान अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी, गेल इंडिया लिमिटेड के जीएम प्रबुद्ध मजूमदार, एसडीएम भास्कर गाचले, एसडीओपी श्रीमती रूपरेखा यादव, कमांडेंट होमगार्ड एसडीआरएफ शशिधर पिल्लई, सहित अन्य प्रशासन और पुलिस अधिकारी एवं ट्रैफिक और होमगार्ड प्लाटून कमांडर मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *