Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने दिल्ली में अंतरिक्ष प्रदर्शनी का उद्घाटन किया

नई दिल्ली, 17 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। भारतीय अंतरिक्ष यात्री एवं एक्ज़िओम-4 मिशन के मिशन पायलट ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने प्रगति मैदान स्थित राष्ट्रीय विज्ञान केंद्र (एनएससी) में शनिवार को वर्चुअल रियलिटी थिएटर और अंतरिक्ष प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। यह प्रदर्शनी 30 जनवरी तक चलेगी।

एनएससी के बयान के मुताबिक इस अवसर पर आयोजित होने वाली अंतरिक्ष प्रदर्शनी का शीर्षक “पृथ्वी से कक्षा तक: अंतरिक्ष की खोज साथ मिलकर” है, जो खगोल विज्ञान और अंतरिक्ष अन्वेषण में भारत की समृद्ध विरासत और भविष्य की दृष्टि को प्रस्तुत करती है। इस कार्यक्रम के तहत करीब 400 स्कूली छात्रों के लिए “अंतरिक्ष यात्री से मिलें” शीर्षक से एक विशेष संवाद सत्र आयोजित किया गया।

विशिष्ट अतिथि के रूप में शुभांशु शुक्ला ने दिल्ली-एनसीआर के 22 स्कूलों के विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने अंतरिक्ष मिशन के लिए प्रशिक्षण, माइक्रोग्रैविटी के शारीरिक प्रभावों और अंतरिक्ष यात्रा की चुनौतियों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने अंतरिक्ष से जुड़ी विजुअल क्लिप्स भी साझा कीं। संवाद सत्र में छात्रों ने अंतरिक्ष में जीवन शैली पर सवाल किए, जबकि अभिभावकों ने करियर मार्गदर्शन प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि चयन प्रक्रिया के माध्यम से उनका प्रवेश इस क्षेत्र में हुआ, जबकि पहले यह उनका प्राथमिक करियर लक्ष्य नहीं था। इस संवाद का उद्देश्य अंतरिक्ष अन्वेषण, मानव अंतरिक्ष उड़ान और वैश्विक वैज्ञानिक सहयोग में भारत की बढ़ती भूमिका को उजागर करके युवा छात्रों को प्रेरित करना है।

इस सत्र के दौरान छात्रों को अंतरिक्ष में जीवन और चुनौतियों के बारे में प्रत्यक्ष जानकारी मिली। उन्हें भविष्य के अंतरिक्ष मिशनों और करियर के अवसरों पर एक संवादात्मक प्रश्नोत्तर सत्र में भाग लेने का मौका मिला। छात्रों को विशेषज्ञों के साथ सीधे बातचीत करने का भी अवसर मिला, जिससे अनुभवात्मक शिक्षा के जरिए वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा मिला।

एनएससी के निदेशक विजय शंकर शर्मा ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य युवाओं में वैज्ञानिक सोच विकसित करना है।

मानव अंतरिक्ष उड़ान केंद्र में समूह निदेशक अनुराग कुमार सिन्हा ने कहा कि यह पहल न केवल मनोरंजन प्रदान करती है, बल्कि भारत के भविष्य के वैज्ञानिकों और अंतरिक्ष यात्रियों को प्रेरित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

आगंतुकों के लिए 30 जनवरी तक चलने वाली प्रदर्शनी का टिकट वयस्क के लिए 80 रुपये और बच्चों के लिए 30 रुपये तक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *