Sunday, March 8खबर जो असर करे |
Shadow

इंदौर में राहुल गांधी का दौरा, दूषित पानी से प्रभावित परिवारों से की मुलाकात

भोपाल, 17 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को मध्य प्रदेश के इंदौर जिले का दौरा किया, जहां उन्होंने दूषित पानी के कारण बीमार हुए लोगों और जान गंवाने वालों के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सरकार पर तीखे सवाल उठाए।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पहले बॉम्बे हॉस्पिटल जाकर उपचाररत मरीजों और उनके परिवारजनों से बातचीत की और हालात की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिस शहर को स्मार्ट सिटी के तौर पर पेश किया जा रहा है, वहां लोगों को पीने का साफ पानी तक नसीब नहीं हो रहा। राहुल गांधी ने कहा कि यह तथाकथित अर्बन मॉडल पूरी तरह विफल है और सरकार अपनी मूल जिम्मेदारियों से बच रही है।

उन्होंने बताया कि कई परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है और बड़ी संख्या में लोग बीमार पड़े हैं। उन्होंने मांग की कि जिन परिवारों को इलाज कराना पड़ा और जिनकी मौतें हुई हैं, उन्हें सरकार से मुआवजा मिलना चाहिए।

राहुल गांधी ने इंदौर दौरे के दौरान भागीरथपुरा में दूषित पानी के कारण जान गंवाने वाली गीता बाई और जीवनलाल के परिजनों से मुलाकात की। इस मौके पर उन्होंने दोनों परिवारों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की और उनका हालचाल जाना। फिर संस्कार गार्डन जाकर अन्य प्रभावित परिवारों से संवाद करते हुए उन्होंने पीड़ित परिजनों को डेढ़-डेढ़ लाख रुपये के चेक सौंपे और हर संभव मदद का भरोसा दिया।

राहुल गांधी ने बॉम्बे हॉस्पिटल में दूषित पानी से बीमार हुए मरीजों के परिजनों से मुलाकात करते हुए बीमारी की वजह और इलाज के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि उनकी जिम्मेदारी है कि वे पीड़ितों का समर्थन करें और विपक्ष के नेता के नाते उनका मुद्दा उठाएँ। राहुल गांधी ने साफ किया कि वे पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं और सरकार से मांग करते हैं कि उन्हें सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *