Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

तातापानी महोत्सव 2026 का भव्य समापन, दर्शकों ने झूम उठी रितेश पांडेय-डिंपल सिंह की जोड़ी पर

बलरामपुर, 17 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में आयोजित तीन दिवसीय तातापानी महोत्सव 2026 का शुक्रशार की देर रात भव्य और यादगार समापन हुआ। समापन संध्या पर भोजपुरी संगीत और नृत्य का ऐसा रंग चढ़ा कि हजारों दर्शक देर रात तक झूमते रहे। भोजपुरी स्टार गायक रितेश पांडेय, चर्चित अदाकारा डिंपल सिंह, गायिका खुशी कक्कड़ और उनकी टीम की शानदार प्रस्तुतियों ने महोत्सव को ऐतिहासिक बना दिया।

तातापानी महोत्सव के तीसरे और अंतिम दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शिखर देखने को मिला। मंच पर जैसे ही भोजपुरी सुपरस्टार रितेश पांडेय और डिंपल सिंह की जोड़ी उतरी, माहौल पूरी तरह बदल गया। दोनों की जुगलबंदी ने दर्शकों को अपनी सीटों से खड़े होकर थिरकने पर मजबूर कर दिया। कई दर्शक तो उत्साह में कुर्सियों के ऊपर खड़े होकर तालियां बजाते और नाचते नजर आए।

रितेश पांडेय ने एक से बढ़कर एक सुपरहिट भोजपुरी गीतों की प्रस्तुति देकर समां बांध दिया, वहीं डिंपल सिंह के ऊर्जावान डांस ने ठंडी रात में भी जोश भर दिया। गायिका खुशी कक्कड़ और उनकी टीम की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और भी रंगीन बना दिया।

हर वर्ष की तरह इस बार भी तातापानी महोत्सव के समापन अवसर पर सबसे अधिक भीड़ उमड़ी। छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश और झारखंड से बड़ी संख्या में लोग महोत्सव का आनंद लेने पहुंचे। भारी भीड़ को नियंत्रित करना पुलिस प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती रहा, लेकिन सतर्कता और मजबूत व्यवस्था के चलते स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही।

पुलिस विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, महोत्सव के सफल और सुरक्षित आयोजन के लिए कई जिलों से कुल 1065 पुलिस बल तैनात किए गए थे। पुलिस की मुस्तैदी के कारण किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।

भोजपुरी कार्यक्रम की शुरुआत शाम करीब 8:30 बजे हुई, जो देर रात 10:30 बजे तक चली। इस दौरान दर्शकों ने हर प्रस्तुति का भरपूर आनंद लिया। भव्य समापन के साथ ही तातापानी महोत्सव 2026 दर्शकों की स्मृतियों में एक यादगार सांस्कृतिक उत्सव के रूप में दर्ज हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *