
रायबरेली, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश के रायबरेली में पुलिस ने एक शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो आधुनिक तकनीक का उपयोग करके मंदिरों को अपना निशाना बना रहा था। सोमवार को जगतपुर थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने ‘गूगल मैप गैंग’ के सदस्यों को गिरफ्तार किया और उनके पास से बड़ी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के अनुसार, पकड़े गए गिरोह का काम करने का तरीका बेहद चौंकाने वाला है। गिरोह का सरगना मध्य प्रदेश के भिंड का निवासी है। ये लोग चोरी करने के बाद अलग-अलग शहरों में जाकर गूगल सर्च के जरिए वहां के प्रसिद्ध और संपन्न मंदिरों को खोजते थे।
गिरोह ने पकड़े जाने से बचने के लिए एक अनोखा ‘सुरक्षा उपाय’ भी बनाया था। उनके साथ एक महिला होती थी, जिसे पुलिस चेकिंग के दौरान गंभीर रूप से बीमार बता कर सहानुभूति हासिल करते और बिना किसी जांच के निकल जाते थे।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इन आरोपितों का लंबा आपराधिक इतिहास है। इन्होंने केवल रायबरेली में नहीं, बल्कि पड़ोसी जिले उन्नाव में भी मंदिरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। गूगल लोकेशन का उपयोग करके ये सुनसान और प्रमुख मंदिरों को निशाना बनाते थे। फिलहाल, पुलिस आरोपितों से विस्तृत पूछताछ कर रही है, ताकि अन्य जिलों में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा किया जा सके।
पुलिस ने आरोपितों के पास से 3 क्विंटल से अधिक वजन के पीतल के घंटे और वारदात में प्रयोग की गई एक चार पहिया गाड़ी भी बरामद की है। पूछताछ में यह खुलासा हुआ है कि इस गिरोह ने रायबरेली के जगतपुर थाना क्षेत्र के अलावा कई अन्य क्षेत्रों में भी चोरी की थी।
