Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

एपेडा का शुभारंभ छत्तीसगढ़ की कृषि अर्थव्यवस्था को वैश्विक मंच से जोड़ने वाला ऐतिहासिक कदम: मुख्यमंत्री

रायपुर, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि रायपुर में कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपेडा) का क्षेत्रीय कार्यालय का शुभारंभ छत्तीसगढ़ की कृषि अर्थव्यवस्था को वैश्विक मंच से जोड़ने वाला एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने बताया कि यह पहल प्रदेश के किसानों, एफपीओ और निर्यातकों को सीधे अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़कर राज्य की कृषि को नई ऊंचाई देने का काम करेगी।
सीएम साय ने एक बयान में उल्लेख किया कि इंडिया इंटरनेशनल राइस समिट के अंतर्गत शुरू हुई यह पहल छत्तीसगढ़ को उच्च-मूल्य कृषि निर्यात के मानचित्र पर मजबूती से स्थापित करेगी। जीआई टैग प्राप्त विशिष्ट चावल की किस्मों जैसे जीराफूल और नागरी दुबराज, राज्य के अन्य कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद अब वैश्विक बाजारों में एक नई पहचान हासिल करेंगे। इससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा और कृषि आधारित उद्यमों को भी बड़ा प्रोत्साहन प्राप्त होगा।
उन्होंने आगे कहा कि डबल इंजन सरकार किसानों की आय में वृद्धि, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को ठोस बनाने और हर खेत तक नए अवसरों को पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण का यह क्षेत्रीय कार्यालय इस दिशा में एक सशक्त संस्थागत आधार प्रदान करेगा, जिससे निर्यात प्रक्रियाएं सरल और गुणवत्ता मानक सुधारने में सहायता मिलेगी, और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से सीधा संपर्क स्थापित किया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यह पहल छत्तीसगढ़ को उच्च-मूल्य, सतत और प्रतिस्पर्धी कृषि निर्यात के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों की श्रेणी में लाने और राज्य के किसानों की समृद्धि को स्थायी आधार प्रदान करने में सहायक सिद्ध होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *