Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

कोरिया: अवैध शराब पर आबकारी विभाग की सख्ती, चार विक्रेताओं को भेजा गया जेल

कोरिया, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। छत्तीसगढ़ शासन की आबकारी सचिव आर. संगीता तथा कोरिया जिले की कलेक्टर चंदन त्रिपाठी के निर्देशों के अनुसार, जिले में अवैध शराब निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। आबकारी विभाग के इन प्रयासों का परिणाम साफ देखा जा रहा है, और अवैध कारोबारियों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है।
जिला आबकारी अधिकारी रमेश कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में कंट्रोल रूम बैकुंठपुर से प्राप्त सूचना के आधार पर सहायक जिला आबकारी अधिकारी सपना सिन्हा के नेतृत्व में सोमवार को छापामार कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में थाना बैकुंठपुर के ग्राम छोटे साल्ही में मोहरमनिया पति मनिराम के घर से 10 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। इसी प्रकार, मोदी पारा में शिवराज सिंह आत्मज जगदेव के घर से 8 लीटर हाथभट्टी शराब भी जब्त की गई।
थाना चरचा क्षेत्र के ग्राम बसेर में भी मनी सिंह आत्मज जगरनाथ के घर से 9.8 लीटर अवैध शराब को जब्त किया गया, वहीं जानकी पति धौकल सिंह के घर से जरीकिन और बोतलों में भरी 8 लीटर अवैध शराब पकड़ी गई। इन मामलों में चार आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) क, 34(2) एवं 59(क) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
सभी आरोपियों को जिला न्यायालय बैकुंठपुर में न्यायिक रिमांड के लिए पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उन्हें 14 दिन के लिए जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी, मुख्य आरक्षक, आरक्षक एवं नगर सैनिक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आबकारी विभाग ने आम नागरिकों को सूचित किया है कि राज्य में संचालित शराब दुकानों के ब्रांड, स्टॉक और विक्रय दर की जानकारी अब ‘मनपसंद ऐप’ के माध्यम से प्ले स्टोर पर आसानी से उपलब्ध है। अवैध शराब या शराब दुकानों से संबंधित किसी भी शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 14405 और व्हाट्सएप नंबर 9424102102 पर सूचना देने की अपील की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *